हापुड़। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के अंतर्गत खेल गतिविधियों को मजबूती देने और संसाधनों में वृद्धि के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु गौतम ने कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीडीओ हिमांशु गौतम ने जिले में खेलों के समग्र विकास, आय के नए स्रोत तलाशने और पंजीकरण प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी खेल सुविधाओं और संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और समिति की आय में भी वृद्धि होगी। इसी क्रम में, उन्होंने उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुणा सिंह को जिले में संचालित सभी जिम और स्विमिंग पूल का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने चेतावनी दी कि बिना पंजीकरण के संचालित खेल प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सीडीओ ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि शराब लाइसेंस से प्राप्त धनराशि का एक निर्धारित अंश जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के खाते में जमा किया जाए। यह राशि खिलाड़ियों की सुविधाओं, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहायक होगी, जिससे खेल गतिविधियों के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। जिले में निर्माणाधीन स्टेडियम के कार्य की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर नेट बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुदर्शन त्यागी, अंतरराष्ट्रीय खो-खो रेफरी रविंद्र गुर्जर, जिला कुश्ती संघ के सचिव रामकुमार त्यागी, जिला तैराकी संघ के सचिव रामानंद राय सहित कई खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने खेल विकास के लिए पंजीकरण व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।


