बलौदाबाजार के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम जारा में गाली-गलौज के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली देने से रोकने पर एक पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी के गले पर हंसिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना देर रात की बताई जा रही है। आरोपी जितेंद्र वर्मा (28) अपने एक पड़ोसी को जोर-जोर से गालियां दे रहा था। जब गली में मौजूद ग्रामीणों ने उसे रोका, तो वह अपने घर की छत पर चढ़ गया और वहां से दूसरे पड़ोसी अशोक धुरंधर (46) को निशाना बनाकर गाली देने लगा। अशोक धुरंधर उसे समझाने के लिए जितेंद्र के घर पहुंचे। इससे पहले कि अशोक कुछ कह पाते, आरोपी जितेंद्र ने हंसिया से सीधे उनके गले पर वार कर दिया। इस हमले में अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें पलारी थाना पहुंचाया, जहां आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सौभाग्यवश, हंसिया गले के बाहरी हिस्से को छूता हुआ निकल गया, जिससे अशोक की जान बच गई। वर्तमान में अशोक धुरंधर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पलारी अस्पताल के डॉ. बी.एस. ध्रुव ने बताया कि अशोक को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।


