IMD red alert: आईएमडी ने चार जिलों के लिए रेड अलर्ट और 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम ने अचानक करवट बदली और चारों तरफ से बादलों के गरजने की आवाज आने लगी। आकाशीय बिजली की चमक लोगों को डराने लगी। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। अचानक मौसम के चौतरफा मार ने लोगों को डराने का काम किया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 3 घंटे तक मौसम के सारे सिस्टम दिखाई पड़ेंगे। आंधी, तूफान के साथ बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। ओलावृष्टि भी हो सकती है। ताबड़तोड़ दो चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है।
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए ‘तत्काल चेतावनी’ (नाउकास्ट urgent warning) के रूप में लोगों को अलर्ट किया है। एटा, जालौन, काशी रामनगर (कासगंज) और मैनपुरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके अनुसार इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ बादल गरजने की भी संभावना है। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और इस दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की बारिश होने का अनुमान बताया है।
इन 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया
मौसम विभाग में झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, बदायूं, औरैया, अलीगढ़, आगरा, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, इटावा, बागपत, फिरोजाबाद, गौतम बुध नगर (नोएडा), हाथरस, हापुड़, हमीरपुर, गाजियाबाद, मथुरा, और शाहजहांपुर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कई अन्य जिलों में भी हल्की बारिश या गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे ना खड़े हों। इनके नीचे खड़ा होना खतरनाक हो सकता है। अनावश्यक यात्रा से बचें और सड़क पर यातायात की स्थिति जांच लें। मौसम विभाग से जारी दिशा-निर्देशों का भी पालन करें।
मोबाइल पर भी जारी किया गया मैसेज
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले तीन घंटे तक जिले के कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई पड़ेगी। तेज तूफान आने की प्रबल संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।


