अमेठी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एसआई भर्ती परीक्षा की द्वितीय पाली संपन्न हो गई। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 1104 अभ्यर्थियों ने द्वितीय पाली की परीक्षा छोड़ दी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जिले में आज और कल एसआई भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर 14,400 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा में 3600 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिसमें से 1177 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 2496 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 1104 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले के सभी सेंटरों पर 370 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। अभ्यर्थियों की आई स्कैनिंग और कड़ी जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष तक जाने की अनुमति दी गई। एसपी के निर्देश पर, शहर से दूर बनाए गए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों के लिए ई-रिक्शा की भी व्यवस्था की गई थी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।


