Fake Passport 8 Afghani arrested: फर्जी पासपोर्ट बनवाकर देश में रह रहे पांच और अफगानियों को एटीसए ने गिरफ्तार किया। उन्हें कोलकाता से गिरफ्तार कर जबलपुर लाकर कोर्ट से 25 फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया। इसके पूर्व एटीएस फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले तीन अफगानियों और उनकी मदद करने वाले तीन अन्य को गिरफ्तार कर चुकी है। अफगानियों के नाम जिया उल रहमान, सुल्तान मोहम्मद, रजा खान, सैयद मोहम्मद और जफर खान बताए हैं। वे कोलकाता में सूदखोरी का धंधा करते थे। उन्होंने जबलपुर में रहने वाले अफगानी सोहबत खान के जरिए फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाए थे।
सोहबत ने ढाई लाख लेकर बनाए पासपोर्ट
भारत आने के बाद सभी अफगानी कोलकाता में रह रहे थे। इस दौरान उन्हें पता चला कि जबलपुर निवासी सोहबत फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाता है। अफगानियों ने सोबहत से संपर्क किया तो उसने प्रति पासपोर्ट ढाई लाख लेकर उनके फर्जी दस्तावेज बनवाए। पासपोर्ट अपॉइंटमेंट लेकर वर्ष 2024 में उन्हें शहर बुलाया। पीओपीएसके (पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में उनकी फोटो खिंचवाई। दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद कोलकाता भेज दिया। सोहबत ने ही डाकघर से पासपोर्ट लेकर कोरियर से कोलकाता भेजा था। बता दें कि मध्यप्रदेश में 27 पासपोर्ट सेवा केंद्र हैं।
ये पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
एटीएस ने छोटी ओमती आठ नल निवासी सोहबत खान को अगस्त 2025 में गिरफ्तार कर उसके पास से फर्जी भारतीय पासपोर्ट जब्त किया था। निशानदेही पर कोलकाता निवासी मोहम्मद इकबाल (27) और अकबर को दबोचा था। सोहबत ने खुद को अधिवक्ता बताने वाले चंदन सिंह, वन रक्षक दिनेश गर्ग और महेश कुमार सुखदान के साथ मिलकर तीनों के भी फर्जी पासपोर्ट बनवाए थे।


