भास्कर न्यूज | अमृतसर अमेरिका-इजराइल के ईरान पर हमले के बाद मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के चलते सोमवार को तीसरे दिन अमृतसर से खाड़ी देशों की उड़ानें रद्द रहीं। एयरपोर्ट परिसर में सामान्य दिनों की चहल-पहल की जगह बेचैनी और इंतजार का माहौल नजर आया। प्रतीक्षालयों में खाली कुर्सियां और सीमित हलचल थी। फिलहाल सबकी नजरें हालात सामान्य होने पर टिकी हुई हैं। दोपहर 2:40 बजे श्रीनगर से लौटे न्यू अमृतसर के रविंदरपाल सिंह ने वहां के हालात साझा किए। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को कटड़ा गए थे और 28 फरवरी को श्रीनगर पहुंचे। उनका गुलमर्ग घूमकर वाया जम्मू लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अचानक हालात बदल गए और कई बाजार बंद हो गए। रविंदरपाल ने बताया कि एयरपोर्ट काम कर रहा था, लेकिन शहर में तनाव का माहौल था। वहीं सोमवार को खाड़ी देशों में नौकरी पर लौटने वाले कई यात्री अपनी उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर ही फंसे दिखे।


