Ravi Shastri on Riyan Parag captaincy: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले 6 रनों से करीबी जीत दर्ज की है। एक समय ऐसा था जब गुजरात को दो ओवर में सिर्फ 15 रन की दरकार थी और यहां से राजस्थान की हार नजर आ रही थी। लेकिन, आरआर के कप्तान रियान पराग की ओर से मैच के आखिर में लिए गए एक साहसिक फैसले की बदौलत उनकी टीम ने गुजरात टाइटंस को हरा दिया। ये फैसला न सिर्फ निर्णायक साबित हुए, बल्कि इनकी भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी दिल खोलकर तारीफ की।
राशिद और रबाडा का जोरदार पलटवार
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 211 रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम चेज के ज्यादातर हिस्से में काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी। लेकिन, हालात तेजी से तब बदले, जब राशिद खान और कगिसो रबाडा ने जोरदार पलटवार किया। उन्होंने लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर गुजरात को फिर से मुकाबले में ला खड़ा किया। जैसे-जैसे मैच का रुख बदला, जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों में 15 रनों की जरूरत रह गई।
रियान पराग का फैसला रंग लाया
इस अहम मोड़ पर रियान पराग ने 19वां ओवर फेंकने के लिए जोफ्रा आर्चर पर भरोसा जताया। यह फैसला रंग लाया। आर्चर ने गेंद की लंबाई पर ध्यान दिया और अपनी रफ्तार का इस्तेमाल किया, जिससे बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका नहीं मिला। इस ओवर में सिर्फ चार रन बन सके। राशिद और रबाडा सिर्फ एक-एक रन ही बना पाए और कोई बाउंड्री नहीं लगी, जिससे आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रनों की दरकार रह गई।
आखिरी ओवर के लिए रियान पराग ने नांद्रे बर्गर और संदीप शर्मा जैसे ज्यादा अनुभवी गेंदबाजों के बजाय तुषार देशपांडे को गेंद थमा दी। देशपांडे ने दबाव में भी शांत रहते हुए गेंदबाजी की और कप्तान के भरोसे को सही साबित किया। लगातार सटीक यॉर्कर फेंकते हुए उन्होंने सिर्फ पांच रन दिए और राशिद का विकेट भी निकाला। इस तरह रॉयल्स ने एक ऐसा मैच जीत लिया, जो कुछ देर पहले तक उनके हाथ से निकलता दिख रहा था।
आप सच में लोहे के कलेजे वाले हैं- रवि शास्त्री
रवि शास्त्री ने मैच की गुणवत्ता और पराग के शांत स्वभाव दोनों की दिल खोलकर तारीफ करते हुए एक्स पर अपनी धमाकेदार प्रतिक्रिया दी है, जो खूब वायरल हो रही है। उन्होंने लिखा कि आईपीएल के इतिहास के सबसे बेहतरीन मैचों में से एक। इस मैच को हमेशा के लिए सहेज कर रख लें! रियान पराग, आप सच में लोहे के कलेजे वाले हैं और आपका भविष्य बहुत उज्ज्वल है, खासकर कप्तानी की भूमिका में। जबरदस्त मानसिक दृढ़ता। बहुत बढ़िया खेले!
रियान ने ध्रुव जुरेल का दिया जीत का श्रेय
बता दें कि मैच के बाद रियान पराग ने बताया था कि आर्चर को 19वां ओवर देने का फैसला ध्रुव जुरेल के कहने पर लिया गया था। जुरेल ने इससे पहले बल्ले से एक अहम पारी खेली थी। असल में मैं क्रम बदलने वाला था, लेकिन इसका श्रेय जुरेल को जाता है। उन्होंने ही मुझसे 19वें ओवर के लिए जोफ्रा को चुनने को कहा था, जिसने मैच के नतीजे को तय किया।


