रश्मिका मंदाना का एक पुराना ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब एक्ट्रेस ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। रश्मिका ने इसे अपनी प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कंटेंट फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर 24 घंटे के भीतर इस ऑडियो को हटाया नहीं गया, तो वे कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगी। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए बताया कि जो ऑडियो क्लिप इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, वह करीब आठ साल पुरानी एक निजी बातचीत का हिस्सा लगता है। रश्मिका के मुताबिक, यह बातचीत शायद इसमें शामिल लोगों की जानकारी या सहमति के बिना रिकॉर्ड की गई थी और अब इसे गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है। अपने बयान में रश्मिका ने यह भी कहा कि पिछले कई सालों से वे मीडिया के एक हिस्से और सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा फैलाई जा रही गलत जानकारी, ट्रोलिंग और टारगेटेड हमलों का सामना कर रही हैं। उन्होंने लिखा कि कई बार उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जबकि कुछ बयान ऐसे भी उनके नाम से फैलाए गए जो उन्होंने कभी दिए ही नहीं थे। रश्मिका ने बताया कि अब तक उन्होंने इन सब बातों को नजरअंदाज करना ही बेहतर समझा था और चुप रहना चुना था, लेकिन पिछले 24 घंटों में जो हुआ उसने उनकी सहनशीलता की सीमा पार कर दी। उन्होंने कहा कि इस विवाद की वजह से उनके परिवार और करीबी लोगों को भी अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। एक्ट्रेस ने वायरल ऑडियो को भ्रामक और मानहानिकारक बताते हुए मीडिया प्लेटफॉर्म्स, इन्फ्लुएंसर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे इस कंटेंट को तुरंत हटा दें और आगे शेयर न करें। उन्होंने साफ कहा कि अगर 24 घंटे के भीतर ऐसा नहीं किया गया तो वे इस मामले में कानूनी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगी। अपने नोट के आखिर में रश्मिका ने अपने फैंस और सपोर्टर्स का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा कि जिन लोगों ने मुश्किल वक्त में उन्हें समझ, प्यार और समर्थन दिया है, उनके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगी। रश्मिका ने यह भी कहा कि अपनी गरिमा, प्राइवेसी और मानसिक शांति की रक्षा के लिए आवाज उठाना अब जरूरी हो गया था। क्या है ऑडियो से जुड़ा पूरा मामला? रश्मिका मंदाना से जुड़ा जो ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसे करीब 8 साल पुरानी एक निजी फोन बातचीत बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बातचीत उनकी मां और किसी परिचित के बीच हुई थी, जिसे कथित तौर पर बिना जानकारी के रिकॉर्ड किया गया और अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वायरल क्लिप में कथित तौर पर रश्मिका के पुराने रिश्ते और उनकी टूटी सगाई का जिक्र सुनाई देता है। इस बातचीत में रक्षित शेट्टी के साथ उनके रिश्ते और उस दौरान पैदा हुए विवादों की चर्चा बताई जा रही है। साथ ही दोनों परिवारों के बीच हुए मतभेद और उस समय की परिस्थितियों को लेकर भी बातें कही जा रही हैं। कौन हैं रक्षित शेट्टी? रक्षित शेट्टी कन्नड़ सिनेमा के प्रमुख अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और लेखक हैं। ‘सिंपल स्टार’ के नाम से मशहूर रक्षित को 777 चार्ली (2022), किरिक पार्टी (2016) उलिदावरु कंदंथे(2014) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
वायरल ऑडियो क्लिप पर रश्मिका मंदाना ने तोड़ी चुप्पी:8 साल पुरानी प्राइवेट बातचीत लीक होने पर भड़कीं, कंटेंट हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया


