राशिद खान ने टी20 क्रिकेट में लिखा नया अध्याय, 700 विकेट लेने वाले बने दुनिया के पहले गेंदबाज

राशिद खान ने टी20 क्रिकेट में लिखा नया अध्याय, 700 विकेट लेने वाले बने दुनिया के पहले गेंदबाज

राशिद ने अब तक कुल 518 टी20 मैचों में 700 विकेट झटके हैं, जिसमें टी20 इंटरनेशनल में 191 विकेट शामिल हैं। वे टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जहां टिम साउदी (164) और इश सोढ़ी (162) उनसे पीछे हैं। 

अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया। ICC T20 विश्व कप 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप मैच में उन्होंने अपना 700वां टी20 विकेट हासिल कर दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए। सिर्फ 27 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना उनके करियर की सबसे बड़ी मिसाल है।

मैच के 16वें ओवर में लिया 700वां विकेट

मैच में अफगानिस्तान ने पहले गेंदबाजी करते हुए UAE को रोकने में अहम भूमिका निभाई। राशिद ने 4 ओवर में 1/24 के आंकड़े के साथ गेंदबाजी की। उनका 700वां विकेट मैच के 16वें ओवर में आया, जब UAE के बल्लेबाज मुहम्मद अरफान रिवर्स स्वीप खेलते हुए अपने स्टंप्स पर गेंद लगाकर ‘हिट विकेट’ आउट हुए। यह राशिद के टी20 करियर में पहली बार हिट विकेट से विकेट लेना था। इससे पहले उन्होंने पिछले हफ्ते अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 698वें और 699वें विकेट लिए थे।

518 टी20 मैच में किया ये कारनामा

राशिद ने अब तक कुल 518 टी20 मैचों में 700 विकेट झटके हैं, जिसमें टी20 इंटरनेशनल में 191 विकेट शामिल हैं। वे टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जहां टिम साउदी (164) और इश सोढ़ी (162) उनसे पीछे हैं। टी20 क्रिकेट के सभी फॉर्मेट (इंटरनेशनल, डोमेस्टिक, फ्रेंचाइजी) मिलाकर वे सबसे आगे हैं। दूसरे नंबर पर रिटायर्ड ड्वेन ब्रावो (631 विकेट) और तीसरे पर सुनील नरीन (613 विकेट) हैं।

2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ किया था डेब्यू

राशिद ने 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था और तब से अफगानिस्तान क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने 20 से ज्यादा डोमेस्टिक टीमों के लिए खेला है, IPL में गुजरात टाइटंस के साथ 2022 में खिताब जीता और बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ 2018 में ट्रॉफी उठाई।

राशिद बोले, 700 विकेट कोई लक्ष्य नहीं

मैच के बाद राशिद ने कहा, ‘700 विकेट कोई लक्ष्य नहीं था। जब भी मैं राष्ट्रीय टीम के लिए खेलता हूं, खासकर विश्व कप में, तो 100 प्रतिशत प्रयास करता हूं। टीम को जरूरत पड़ती है तो विकेट लेता हूं। यह उपलब्धि जारी रहेगी।’

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *