अशोकनगर जिले के मुंगावली थाना क्षेत्र में 15 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात पड़ोस में चल रही एक बर्थ-डे पार्टी के दौरान हुई, जहां डीजे की तेज आवाज का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 10 घंटे के भीतर आरोपी प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना वाली रात किशोरी पड़ोस में एक जन्मदिन की पार्टी में गई थी। वहां डीजे पर डांस चल रहा था और पीड़िता वहीं बैठकर देख रही थी। रात करीब 2 बजे आरोपी ने नाबालिग का हाथ पकड़ा और उसे खींचकर ले गया। डीजे की तेज आवाज के कारण पीड़िता की चीखें किसी को सुनाई नहीं दीं, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। पिता भोपाल में थे, ताऊ को बताई आपबीती घटना के बाद पीड़िता अपने घर पहुंची। उसके पिता काम के सिलसिले में भोपाल में थे, इसलिए उसने अपने ताऊ को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के सदस्य पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को विस्तृत जानकारी दी। मुंगावली थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाहा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी प्रेम सिंह पुत्र बबलू अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर टीम गठित, 10 घंटे में दबोचा थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा को दी। एसपी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुरंत एक टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और महज 10 घंटे के भीतर आरोपी प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका इस कार्रवाई में मुंगावली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरविंद सिंह कछुवाहा, उप निरीक्षक बी.के. राम, मल्हारगढ़ चौकी प्रभारी एएसआई पहलवान सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा, आरक्षक जयकुमार लोधी और दुर्गेश जाटव की सराहनीय भूमिका रही।


