Ranthambore: रणथंभौर में मची सनसनी, वनकर्मियों पर टाइगर का हमला, भागकर बचाई अपनी जान, बाइक की सीट फाड़ी

Ranthambore: रणथंभौर में मची सनसनी, वनकर्मियों पर टाइगर का हमला, भागकर बचाई अपनी जान, बाइक की सीट फाड़ी

सवाईमाधोपुर। रणथंभौर टाइगर रिजर्व के सुल्तानपुर वन क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां टाइगर आरबीटी-2511 ने पेट्रोलिंग कर रहे वनकर्मियों पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि वनकर्मी समय रहते बाइक छोड़कर भाग गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

टाइगर आरबीटी-2511 से सामना

जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वनकर्मी निरंजन अपने साथी होमगार्ड जितेंद्र शर्मा के साथ बाइक से गाड़ा डूब क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनका सामना टाइगर आरबीटी-2511 से हो गया। टाइगर ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए चार्ज कर दिया। वनकर्मी घबराकर बाइक छोड़कर भाग निकले। इसके बाद टाइगर ने बाइक की सीट पर कई बार हमला किया, जिससे सीट फट गई और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी सुल्तानपुर क्षेत्र में टाइगर वनकर्मियों पर हमला कर चुका है। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे क्रिटिकल हैबिटेट वाले इलाकों में कुछ टाइगर स्वभाव से आक्रामक होते हैं। इस प्रकार की घटनाओं से बचने के लिए वनकर्मियों को चौपहिया पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

बाइक से गश्त करने पर वनकर्मी असुरक्षित रहते हैं और अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस घटना ने वनकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग को अब वनकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *