Jhansi: झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली कला गांव में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद ने बड़ा दर्दनाक मोड़ ले लिया। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मनोज और उसकी पत्नी वंदना के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बताया गया कि मनोज शराब पीकर घर आया था, जिस पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई। इसके बाद वंदना ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पोस्टमॉर्टम हाउस से अचानक गायब हो गया पति
पत्नी की मौत के बाद मनोज बेहद परेशान था। वह पत्नी के शव का पोस्टमॉर्टम कराने मेडिकल कॉलेज भी गया था, लेकिन वहीं से अचानक लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उधर, परिवार ने वंदना का अंतिम संस्कार कर दिया।
दूसरी कोशिश में हुआ सफल
जानकारी के अनुसार पत्नी के आत्महत्या करने के बाद मनोज भी मरना चाह रहा था। उसने घर पर ही आत्महत्या करने की कोशिश की थी। जब वो भी फांसी लगाने के लिए फंदे पर झूलने गया तो, बच्चों ने देख लिया और उसका फंदा काटकर उसे बचा लिया।
हाईवे किनारे पेड़ पर लटका मिला शव
देर रात नवाबाद थाना क्षेत्र की ग्रीन होम सिटी कॉलोनी के पास एक मजदूर ने पेड़ पर गमछे के सहारे लटका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाया। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उसकी जेब से पत्नी का आधार कार्ड भी मिला है।
बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
परिजनों के अनुसार, परिवार में पहले से ही तनाव चल रहा था और मनोज को शराब की लत थी। इसी वजह से अक्सर विवाद होता था। इस दुखद घटना के बाद बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।


