भास्कर न्यूज| महासमुंद सरकारी स्कूलों की परीक्षा अब ज्ञान नहीं, वैचारिक विकृति फैलाने का माध्यम बनती जा रही है। महासमुंद जिले में सत्र 2025–26 की चौथी कक्षा की अर्धवार्षिक अंग्रेज़ी परीक्षा में जो हुआ, उसने शिक्षा व्यवस्था, प्रशासन और शासन तीनों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परीक्षा के प्रश्नपत्र में एक कुत्ते के नाम के विकल्प के रूप में राम नाम शामिल किया गया, जिसे हिंदू समाज ने सीधा धार्मिक अपमान और सुनियोजित मानसिक हमला बताया है। बुधवार को आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र में बहुविकल्पीय प्रश्न के अंतर्गत मौना के कुत्ते का नाम क्या है? पूछते हुए विकल्पों में राम नाम दिया गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल महासमुंद जिला इकाई ने इस विषय को लेकर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। संगठन ने साफ शब्दों में कहा है कि यह मामला शिक्षा विभाग की लापरवाही का नहीं, धार्मिक भावनाओं को आहत करने की दंडनीय साज़िश का प्रतीक है। संगठन का आरोप है कि यह कोई साधारण भूल नहीं, बल्कि सोच-समझकर किया गया कृत्य है, जो हिंदू समाज की आस्था और मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला है। भगवान राम केवल एक नाम नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और चेतना का केंद्र हैं। मांग की गई है कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हो, उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो जिले में उग्र जनआंदोलन किया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद ने जिला शिक्षा अधिकारी का पुतला दहन किया नाराज विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली। जहां पैदल चलकर डीईओ कार्यालय पहुंचे। जहां डीईओ विजय कुमार लहरे के मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद परिसर में डीईओ का पुतला दहन किया गया। नगर के वार्ड 21 निवासी अभिभावक विजय महतो ने महासमुंद थाना में शिकायत दर्ज भी कराई है। जिस पर कहा कि प्रश्न पत्र में हमारे आराध्य प्रभु श्रीराम के नाम से राम का आप्शन दिया गया था। मै हिन्दू धर्म का अनुयायी हूं, जिसके कारण ऐसे प्रश्नों में प्रभु श्रीराम का नाम आने से धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है। प्रिटिंग प्रेस वालों ने गलत प्रश्न जोड़ा : महासमुंद डीईओ विजय कुमार लहरे ने कहा कि प्रिंटिंग प्रेस में दूसरा प्रश्न दिया गया था। प्रिंटिंग प्रेस वाले ने इस प्रश्न को हटाकर दूसरा प्रश्न पेपर में जोड़ दिया।


