रामपुर मनिहारन विधायक बोले- अब नगर पालिका बनवाएंगे:9 साल में सड़क, पुल, फायर स्टेशन और तहसील बनवाई, उमरी कलां में स्टेडियम बनाएंगे

रामपुर मनिहारन विधायक बोले- अब नगर पालिका बनवाएंगे:9 साल में सड़क, पुल, फायर स्टेशन और तहसील बनवाई, उमरी कलां में स्टेडियम बनाएंगे

सहारनपुर में रामपुर मनिहारन विधानसभा से भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने कहा- पिछले 9 वर्षों में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है। वर्ष 2017 में प्रदेश में योगी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद विकास कामों को गति मिली। इसी का परिणाम है कि क्षेत्र में कई सड़कों, पुलों और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े काम पूरे कराए हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में विधायक देवेंद्र निम ने क्षेत्र में कराए गए विकास कामों, किसानों से जुड़े मुद्दों, नई योजनाओं और आगामी चुनाव को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। पढ़िए… बातचीत के प्रमुख अंश- सवाल: आपने चार साल में अपने क्षेत्र में क्या बड़े विकास काम कराए? जवाब: मैं केवल चार साल नहीं बल्कि पिछले नौ वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। 2017 में हमारी सरकार बनने के बाद विकास कार्यों की शुरुआत तेज हुई। शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए खेल मैदान और स्टेडियम की योजना पर भी काम किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में कई प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया गया, जिससे किसानों और आम लोगों को आवागमन में काफी राहत मिली है। सवाल: किसानों के लिए क्या खास काम किए गए? जवाब: पहले यहां 30-35 साल पुराने कई पुल जर्जर हालत में थे। इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने और सिंचाई करने में काफी परेशानी होती थी। हमने ऐसे कई पुलों का निर्माण और मरम्मत कराई। इससे किसानों को काफी सुविधा मिली है और खेती का काम पहले की तुलना में आसान हुआ है। सवाल: हाल ही में कौन सा बड़ा प्रोजेक्ट क्षेत्र को मिला है? जवाब: अभी हाल ही में एक बड़ा काम हमारी विधानसभा को मिला है। गांगनौली शुगर मिल मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी मांग किसान लंबे समय से कर रहे थे। यह सड़क सदान शेर शुगर मिल होते हुए बुढ्ढा खेड़ा तक जाएगी और आगे चलकर दिल्ली मार्ग से जुड़ेगी। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। सवाल: क्या अन्य अधूरे काम भी पूरे हुए हैं? जवाब: हां, हसनपुर भलसवा में एक पुल कई वर्षों से टूटा हुआ था। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। हमने उस पुल का निर्माण कराकर उसे चालू करवा दिया है। इसके अलावा रामपुर में अग्निशमन केंद्र की स्थापना, लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह का निर्माण और नई तहसील का निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण काम कराए गए हैं। सवाल: आगे क्षेत्र के लिए आपकी क्या योजनाएं हैं? जवाब: हमारी कोशिश है कि रामपुर मणिहारन को नगर पालिका का दर्जा दिलाया जाए, ताकि यहां के लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही उमरी कला गांव में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से एक बड़ा स्टेडियम बनाने की योजना है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सवाल: क्या आगामी चुनाव में फिर से टिकट की दावेदारी करेंगे? जवाब: टिकट देना या न देना यह संगठन का निर्णय होता है। पार्टी और जनता अगर मुझे फिर से सेवा का मौका देती है तो मैं पूरी निष्ठा के साथ क्षेत्र की सेवा करने के लिए तैयार हूं। जनता का आशीर्वाद मुझे दो बार मिल चुका है और उम्मीद है कि तीसरी बार भी जनता का समर्थन मिलेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *