डूंगरपुर में रामनवमी के अवसर पर रामोत्सव आयोजन समिति की ओर से 26 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर नगर के सर्व हिंदू समाज की एक बैठक श्रीनाथजी मंदिर में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, मातृशक्ति और युवाओं ने भाग लिया। गौ सेवा प्रमुख देवीसिंह भेखरेड ने बताया कि रामोत्सव का आयोजन हर साल की तरह इस बार भी भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रकाश भट्ट ने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बताया कि रामोत्सव का आयोजन विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में रामोत्सव आयोजन समिति द्वारा किया जाएगा। संरक्षक मंडल की घोषणा की
बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए संरक्षक मंडल की घोषणा की गई। इसमें महारावल हर्षवर्धन सिंह, हसमुख पंड्या, प्रकाश पंचाल, प्रभुलाल पंड्या, अनिल पटेल, रमेश वरियानी, डूंगरलाल पटेल, सुशील कटारा, बंशीलाल कटारा, अमृतलाल कलासुआ, धर्मेंद्र भोई, सुबोध जैन, धनपाल जैन, राय सिंह, शार्दूल सिंह और घनश्याम शाह शामिल हैं।
इसके अलावा 100 सदस्यों का मार्गदर्शक मंडल और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों को लेकर एक संचालन समिति का भी गठन किया गया, जिसमें 20 मातृशक्तियों को भी शामिल किया गया है। बादल महल से शुरू होगी शोभायात्रा
देवीसिंह भेखरेड ने शोभायात्रा के मार्ग की जानकारी दी। यह बादल महल से प्रारंभ होकर तहसील चौराहा, गेपसागर की पाल, पुराना हॉस्पिटल, कंसारा चौक, सोनिया चौक, माणक चौक, दर्जीवाड़ा, कनेरा पोल, घूमटा बाजार और मोची बाजार होते हुए गेपसागर की पाल पर महाआरती के साथ संपन्न होगी। शोभायात्रा में अश्व, बग्गियां, रामदरबार की झांकियां, अखाड़े, बैंड और डीजे प्रमुख आकर्षण रहेंगे। ‘रामोत्सव पूरे हिंदू समाज का उत्सव’
वक्ताओं ने बैठक में कहा कि रामोत्सव किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज का उत्सव है। इसे सभी समाजों के सहयोग से भव्य और सफल बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर शीतल शरबत और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक का संचालन देवीसिंह भेखरेड ने किया, जबकि समाजसेवी अनिल पटेल ने आभार व्यक्त किया।


