अयोध्या में महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य आयोजन की तैयारी तेज हो गई है। भगवान भूतभावन शंकर और माता पार्वती के दिव्य विवाहोत्सव को लेकर राम मंदिर परिसर को सुगंधित फूलों से सजाया जाएगा। इसके लिए विशेष ऑर्डर दिया जा चुका है। मंदिर के प्रमुख प्रवेश द्वारों आद्य गुरु जगद्गुरु रामानंदाचार्य द्वार समेत अन्य द्वारों को भी आकर्षक सजावट से संवारा जाएगा, इस पर अंतिम विमर्श जारी है। कुबेरेश्वर महादेव व शिवालयों में रुद्राभिषेक मुख्य पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन कुबेर नवरत्न टीला स्थित कुबेरेश्वर महादेव और राम मंदिर के परकोटे के छह मंदिरों में शामिल शिवालय में रुद्राभिषेक व विशेष पूजन होगा। मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव के अनुसार, दोनों शिवालय दर्शनार्थियों के लिए खुले रहेंगे। निर्माण एजेंसियों के अधिकारी-कर्मचारी, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यकर्ता व पुजारीगण विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे। उज्जैन से आमंत्रित श्रृंगारी, दो घंटे में होगा विशेष श्रृंगार सायंकाल गोधूलि बेला में भगवान का विशेष श्रृंगार होगा। इसके लिए महाकाल की नगरी उज्जैन से अनुभवी श्रृंगारियों को आमंत्रित किया गया है। बताया गया कि शृंगार प्रक्रिया में करीब दो घंटे लगेंगे। इसके बाद झांकी का अनावरण और महाआरती होगी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान राम मंदिर में दर्शन का क्रम अनवरत जारी रहेगा। अंगद टीला पर पार्थिव शिवलिंग, जागरण में सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अंगद टीला पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण और विवाहोत्सव का आयोजन होगा। रात्रि जागरण में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण बनेंगी। श्रद्धालुओं के लिए अंगद टीला जाने पर कोई बंदिश नहीं रहेगी। नागेश्वर नाथ से निकलेगी परंपरागत बारात महाशिवरात्रि पर नागेश्वर नाथ मंदिर से भगवान शिव की पारंपरिक बारात धूमधाम से निकलेगी। नंदी स्वरूप रथ पर सवार शिव के स्वरूप के साथ लोक नृत्य दल और बाजे-गाजे बारात की शोभा बढ़ाएंगे। अयोध्या में इस बार महाशिवरात्रि पर आस्था, परंपरा और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रामनगरी के अन्य शिवालयों में भी विशेष कार्यक्रम भगवान शिव का अनादि पंचमुखी महादेव मंदिर गुप्तार घाट, टेढ़ी यतीश्वर नाथ, क्षीरेश्वर नाथ मंदिर समेत रामनगरी के और जनपद के विभिन्न शिवालयों को शिवरात्रि पर विशेष रूप से सजाया जाएगा। इस दौरान शिवालियों में विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी होगा।


