Priyadarshan on Rajpal Yadav Financial Crisis: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों कानूनी संकट से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में सजा काट रहे अभिनेता को लेकर इंडस्ट्री में हलचल मची हुई है। इसी बीच निर्देशक प्रियदर्शन खुलकर उनके समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने न सिर्फ राजपाल का बचाव किया बल्कि उनकी आर्थिक परेशानी के पीछे की वजह को लेकर भी एक दावा किया है।
तिहाड़ में सरेंडर, जमानत पर टिकी निगाहें (Priyadarshan on Rajpal Yadav Financial Crisis)
दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया। उन्हें छह महीने की सजा सुनाई गई है। 16 फरवरी 2026 को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। परिवार और फैंस को उम्मीद है कि उन्हें जल्द राहत मिल सकती है।
प्रियदर्शन बोले- ‘वो दिल का साफ इंसान है’ (Priyadarshan on Rajpal Yadav Financial Crisis)
प्रियदर्शन ने हालिया इंटरव्यू में बताया कि वो राजपाल को दो दशक से अधिक समय से जानते हैं। उन्होंने पहली बार उन्हें फिल्म ‘जंगल’ में देखा था और तभी उनकी प्रतिभा से प्रभावित हो गए थे। इसके बाद दोनों ने साथ में कई हिट फिल्मों में काम किया, जिनमें मालामाल वीकली, भागम भाग, चुपके चुपके और दे दना दन शामिल है।
निर्देशक ने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म के निर्माताओं से खास तौर पर कहा है कि राजपाल को उनकी मौजूदा फीस से अधिक भुगतान किया जाए। प्रियदर्शन ने कहा- हम उसे बचाना चाहते हैं। उन्होंने ये भी बताया कि मुश्किल समय को देखते हुए वो पहले भी उन्हें लगातार काम देते रहे हैं, यहां तक कि विज्ञापन फिल्मों में भी आगे बढ़ाया।
‘गलती शिक्षा की कमी से हुई’
प्रियदर्शन का मानना है कि राजपाल का इरादा कभी गलत नहीं रहा, लेकिन आर्थिक समझ की कमी और उचित सलाह न मिलने के कारण वह इस संकट में फंस गए। उनके मुताबिक, ‘वो एक भोले और साफ दिल के इंसान हैं, लेकिन शिक्षा की कमी ने उन्हें गलत फैसले लेने पर मजबूर किया।’ उन्होंने दावा किया कि खराब शिक्षा ही उनके पतन के पीछे एक बड़ी वजह है।
सितारों ने बढ़ाया हाथ
राजपाल की मुश्किल घड़ी में कई बड़े नाम साथ खड़े नजर आए हैं। सलमान खान, वरुण धवन, अजय देवगन और सोनू सूद जैसे कलाकारों ने मदद की पेशकश की है। अभिनेता की पत्नी राधा यादव ने भी इंडस्ट्री के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।


