राजकोट जिले को 2.51 करोड़ के 37 विकास कार्यों की सौगात

राजकोट जिले को 2.51 करोड़ के 37 विकास कार्यों की सौगात

प्रभारी मंत्री वाघाणी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

राजकोट. प्रभारी मंत्री जीतू वाघाणी ने शनिवार को त्रंबा से 2.51 करोड़ रुपए के 37 विकास कार्यों की सौगात देते हुए लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उन्होंने कस्तूरबा धाम में 1.03 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सुविधायुक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही हडमतिया (गोलिडा) में 25.16 लाख की लागत से निर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र सहित कुल 1.85 करोड़ रुपए के 18 विकास कार्यों का ई-लोकार्पण तथा 66.49 लाख रुपए के 19 विकास कार्यों का ई-शिलान्यास आर.के. यूनिवर्सिटी से किया। इन कार्यों में स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और कॉजवे आदि शामिल हैं।
किसानों के हित में सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए मंत्री वाघाणी ने कहा कि किसान आत्मनिर्भर बनकर प्रगति करें, इसके लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। किसानों के हित में सरकार अनेक नई योजनाएं ला रही है।
विधायक भानुबेन बाबरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से लोगों को 10 लाख रुपए तक की चिकित्सा की गारंटी मिली है।
जिला कलक्टर डॉ. ओमप्रकाश ने स्वागत भाषण में कहा कि राजकोट जिले की प्रत्येक तहसील में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। विकसित गुजरात से विकसित भारत के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के संकल्प को साकार करने में राजकोट जिला प्रशासन श्रेष्ठ योगदान देगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रवीणा रंगाणी, विधायक रमेश टीलाला, जिला विकास अधिकारी आनंदु सुरेश गोविंद, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.आर. फुलमाली सहित विभिन्न अधिकारी, पदाधिकारी और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *