कभी विधानसभा में मुद्दों पर बोलते नजर आने वाले राजगढ़ के भाजपा विधायक अमर सिंह यादव गुरुवार को बिल्कुल अलग भूमिका में दिखे। मकर संक्रांति के मौके पर उन्होंने नेता नहीं, बल्कि हलवाई का किरदार निभाया। खुजनेर नगर की एक होटल में पहुंचकर विधायक ने कढ़ाही संभाली, जलेबी का घोल डाला और सुनहरी जलेबी तलकर लोगों को खिलाई। विधायक को इस अंदाज में देखकर होटल में मौजूद लोग ठिठक गए। कुछ पल बाद मोबाइल कैमरे निकल आए। कोई वीडियो बना रहा था, तो कोई मुस्कुराते हुए कह रहा था – “हमारा विधायक अलग ही है।” सड़क से गुजरने वाले लोग भी रुककर यह नजारा देखने लगे। देखते ही देखते यह दृश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लायक बन गया। दरअसल, अमर सिंह यादव राजनीति में भी अपने इसी सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। वे खुजनेर नगर के निवासी हैं और राजगढ़ विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। आम लोगों के बीच रहना, उनके त्योहारों और परंपराओं में शामिल होना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा है। हर साल जलेबी बनाते हैं
अमर सिंह यादव बताते हैं कि मकर संक्रांति पर क्षेत्र में पतंग उड़ाने, गिल्ली-डंडा खेलने और जलेबी खिलाने की परंपरा है। इसी परंपरा को निभाने के लिए वे हर साल होटल पहुंचकर अपने हाथों से जलेबी बनाते हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले करीब 23 वर्षों से लगातार यह करते आ रहे हैं और इस दिन का उन्हें साल भर इंतजार रहता है। राजनीतिक सफर में भी उनका जुड़ाव खुजनेर से गहरा रहा है। वे पहले नगर परिषद अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी कैलाशी बाई खुजनेर नगर परिषद की अध्यक्ष हैं, जो तीसरी बार इस पद पर चुनी गई हैं।


