भास्कर संवाददाता | राजगढ़ एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने टीएल की बैठक में दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम में कार्य नहीं करने वाले सीडीपीओ और बीएमओ पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंनें सभी एसडीएम को टीकाकरण कार्यक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अभियान की प्रगति की प्रतिदिन शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों में एचपीवी टीकाकरण को लेकर आवश्यक पत्राचार करने और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर पात्र बालिकाओं के टीकाकरण की प्रक्रिया का पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम से एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर की एंट्री व सत्यापन की जानकारी भी ली गई। लापरवाही पर जुर्माना और वेतन रोकने के निर्देश बैठक में समग्र ई-केवाईसी में खराब प्रदर्शन पर जनपद पंचायत खिलचीपुर, राजगढ़ और जीरापुर के सीईओ की एक वेतन वृद्धि रोकने के लिए संभागायुक्त को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सार्थक अटेंडेंस ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। समय-सीमा से बाहर लंबित आवेदनों का निराकरण नहीं करने पर ब्यावरा इकरार अहमद, ग्राम पंचायत चाटक्या के सचिव राधेश्याम पर 750 रुपए, ग्राम पंचायत कांकरिया की सचिव सलोनी अहिरवार पर 1000 रुपए, ग्राम पंचायत अमानपुरा के सचिव रमेशचंद्र मालाकर पर 5000 रुपए, ग्राम पंचायत रूपपुरा के सचिव रामेश्वर सोलंकी पर 750 रुपए, ग्राम पंचायत सतनखेड़ी के सचिव मनोहर सिंह सोलंकी पर 1500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।


