धनबाद के राजगंज थाना में तैनात थानेदार अलीशा कुमारी का वर्दी में भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए थानेदार को लाइनक्लोज कर दिया। वायरल वीडियो में अलीशा कुमारी अन्य महिलाओं के साथ मंच पर नृत्य करती नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि उनके साथ एक महिला चौकीदार भी वर्दी में झूमती दिख रही है। फिलहाल राजगंज थाना में प्रभारी के रूप में किसी नए अधिकारी की पोस्टिंग नहीं की गई है, जबकि चौकीदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। चैती दुर्गा पूजा के कार्यक्रम का बताया जा रहा वीडियो जानकारी के अनुसार यह वीडियो राजगंज में आयोजित चैती दुर्गा पूजा के दौरान हुए डांडिया नाइट कार्यक्रम का है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और युवतियां शामिल हुई थीं। शुरुआत में गरबा और डांडिया की धुनों पर नृत्य हुआ। बाद में भोजपुरी गाने बजने लगे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने थानेदार का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो में थानेदार पूरे उत्साह के साथ डांस करती नजर आ रही हैं, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया। महिलाओं के आग्रह पर साथ दिया स्थानीय लोगों के अनुसार थानेदार की कार्यक्रम में उपस्थिति सामाजिक दायित्व के तहत थी, लेकिन वर्दी में सार्वजनिक मंच पर नृत्य करना विवाद का कारण बन गया। इस मामले में अलीशा कुमारी ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि वे आयोजन में आमंत्रण पर शामिल हुई थीं। वहां मौजूद महिलाओं के बार-बार आग्रह करने पर उन्होंने कुछ गानों पर उनका साथ दिया। हालांकि, उनका यह कदम विभागीय अनुशासन के दायरे में सवालों के घेरे में आ गया। उन्हें इसकी कीमत लाइनक्लोज के रूप में चुकानी पड़ी।


