खास अंदाज में मनेगी होली
हुब्बल्ली में इस बार होली राजस्थानी रंग और परंपरा के साथ खास अंदाज में मनाई जाएगी। आंजणा पटेल समाज सेवा संघ हुब्बल्ली-धारवाड़ के तत्वावधान में 7 मार्च को सायं 4 बजे से रात 10 बजे तक गोकुल रोड, कोटिलिंग नगर स्थित राजेश्वर भवन में भव्य होली उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जालोर-सिरोही से भाजपा सांसद लुम्बाराम चौधरी की प्रमुख उपस्थिति रहेगी।
प्रवासी समाज करेगा अगवानी
आंजणा पटेल समाज सेवा संघ हुब्बल्ली-धारवाड़ के प्रवक्ता किशोर पटेल गोलिया चौधरियान ने बताया कि सांसद चौधरी 7 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे हुब्बल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां प्रवासी समाज की ओर से उनकी अगवानी की जाएगी। सांसद चौधरी शाम को आयोजित होली स्नेह मिलन तथा गेर नृत्य कार्यक्रम में विशेष रूप से भाग लेंगे। सांसद चौधरी के आगमन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है।
कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी, बेलगावी से भाजपा सांसद जगदीश शेट्टर, हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल से विधायक महेश टेंगिनकाई तथा हुब्बल्ली-धारवाड़ नगर निगम के पार्षद चेतन सहदेव हिरेकेरुर भी शामिल होंगे।
दिखेगी राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति
इस आयोजन में राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। ढोल-थाली की थाप पर गेर नृत्य, होली के पारंपरिक लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी। समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर होली के रंगों के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाएंगे। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत से जोडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। हुब्बल्ली में बसे राजस्थानी समाज के लिए यह कार्यक्रम सांस्कृतिक उत्सव और आपसी मेल-मिलाप का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
तैयारियों में जुटे पदाधिकारी और सदस्य
कार्यक्रम की तैयारियों में आंजणा पटेल समाज सेवा संघ के अध्यक्ष सोपाराम काग आमलारी, सचिव वगताराम तरक पारलु सहित समाज के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन के दौरान महाप्रसादी का भी आयोजन रखा गया है। इसके लाभार्थियों में केवलराम दुदाराम ठा. बागलोप ढाणा, धनाराम नेनाराम ठा. बागलोप ढाणा तथा ओमाराम रामाराम कोंदली कल्याणपुर शामिल हैं। समाज के सभी परिवारों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया गया है।


