राजस्थान दिवस के अवसर पर सलूंबर पंचायत समिति सभागार में “राजस्थान युवा शक्ति दिवस-2026” समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। समारोह में विधायक शांता अमृत लाल मीणा, जिला कलक्टर अवधेश मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का किया गया सीधा प्रसारण कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय “राजस्थान युवा शक्ति दिवस-2026” का सीधा प्रसारण भी किया गया। सभागार में मौजूद युवाओं ने इस प्रसारण को ध्यानपूर्वक देखा। प्रसारण में राज्य सरकार की विभिन्न युवा सशक्तिकरण योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और रोजगार के अवसरों की जानकारी विस्तार से दी गई। सरकारी योजनाओं से लाभान्वित युवाओं ने साझा किए अनुभव इस अवसर पर सलूंबर जिले के विभिन्न विभागों में हाल ही में नियुक्त कर्मचारियों, आरएसएलडीसी (RSLDC) और आरकेसीएल (RKCL) के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं तथा उद्योग विभाग की ऋण योजनाओं से लाभान्वित युवाओं ने भी भाग लिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं से कहा कि वे कौशल विकास, शिक्षा और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें, ताकि वे खुद के साथ-साथ समाज और प्रदेश के विकास में भी योगदान दे सकें।


