Rajasthan Weather Update: मार्च में ही तपने लगा राजस्थान, बाड़मेर-जैसलमेर में पारा 40 डिग्री के करीब; 10-11 मार्च को हीटवेव का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में चैत्र माह की शुरुआत में ही गर्मी ऐसी पड़ने लगी है जैसे बैसाख का महीना चल रहा हो। होली के तीन दिन बाद ही शनिवार को बाड़मेर और जैसलमेर में अधिकतम पारा क्रमशः 39.8 और 39.3 पहुंच गया है।

इसी प्रकार पिलानी, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, श्रीगंगानगर, पाली और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री को पार कर गया है। वहीं, जयपुर सहित 11 शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार आगामी 10-11 मार्च को प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में लू की चेतावनी दी है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के मध्य दर्ज किए जा रहे हैं जो की सामान्य से 4 से 9 डिग्री ऊपर है।

पश्चिमी जिले अधिक प्रभावित

बढ़ती गर्मी का असर पश्चिमी जिलों में अधिक असर है, इनमें बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और फलोदी प्रमुख हैं। इन जिलों में आगामी दिनों में पारा 40 डिग्री पार जाने की संभावना है। इसी प्रकार शेखावाटी क्षेत्र के चूरू में भी शनिवार को पारा 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान की बढ़ोतरी जारी है।

राजस्थान के शहरों में अधिकतम तापमान

क्रमांक शहर अधिकतम तापमान (°C)
1 बाड़मेर 39.8
2 लूणकरणसर 37.6
3 जैसलमेर 39.3
4 अलवर 37.0
5 चित्तौड़गढ़ 38.4
6 प्रतापगढ़ 36.9
7 बीकानेर 38.3
8 दौसा 36.6
9 पिलानी 38.2
10 डूंगरपुर 36.5
11 जोधपुर 38.2
12 जालोर 36.5
13 पाली 38.2
14 भीलवाड़ा 36.4
15 श्रीगंगानगर 38.1
16 अजमेर 36.3
17 फलोदी 38.0
18 जयपुर 36.2
19 चूरू 37.7
20 कोटा 36.2

दो-तीन डिग्री और बढ़ेगा पारा

राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। वहीं राज्य के दक्षिणी भागों में आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री पहुंच सकता है। 11-12 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *