Rajasthan: राजस्थान में दर्दनाक हादसा, खेत में ट्रॉली हाईटेंशन लाइन के टच हुई, पिता-पुत्र की मौत, परिवार में कोहराम

Rajasthan: राजस्थान में दर्दनाक हादसा, खेत में ट्रॉली हाईटेंशन लाइन के टच हुई, पिता-पुत्र की मौत, परिवार में कोहराम

अरनोद (प्रतापगढ़)। जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के खरखड़ा गांव में मंगलवार को खेत में काम करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में ट्रॉली से खाद डालते समय झूलते बिजली तार के संपर्क में आने से पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

अरनोद थाना प्रभारी शिवलाल मीणा ने बताया कि खरखड़ा निवासी गोवर्धन डांगी (60) पुत्र अमृतराम डांगी अपने पुत्र नरेंद्र डांगी (25) के साथ खेत में काम कर रहे थे। दोनों ट्रॉली की मदद से खेत में खाद डाल रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन का झूलता हुआ तार ट्रॉली के संपर्क में आ गया। इससे ट्रॉली में करंट दौड़ गया और पिता-पुत्र दोनों उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

खेती पर निर्भर परिवार

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अरनोद पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीण दशरथ डांगी ने बताया कि नरेंद्र डांगी की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और तीन महीने पहले ही उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। गोवर्धन डांगी का परिवार पूरी तरह खेती पर निर्भर है। उनके दो अन्य बेटे भी कृषि कार्य करते हैं।

हादसे का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगहों पर बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से झूलते तारों को ठीक कराने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *