Rajasthan: राजस्थान की तीन कुख्यात तस्कर बहनों को लगा बड़ा झटका, कुर्क हुई 35 लाख की चल-अचल संपत्ति

Rajasthan: राजस्थान की तीन कुख्यात तस्कर बहनों को लगा बड़ा झटका, कुर्क हुई 35 लाख की चल-अचल संपत्ति

बांसवाड़ा। बांसवाड़ा में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाली तीन कुख्यात तस्कर बहनों की करीब 35 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति जब्त की है। ये तीनों बहनें अंजुम पत्नी समीर खान, जीनत खान व कायनात पुत्री सलीम अहमद हैं।

कुर्की के आदेश पारित

राजतालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि पुलिस ने इन तीनों बहनों की अपराध की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों की कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन किया था। न्यायालय ने पुलिस के साक्ष्यों को स्वीकार करते हुए कुर्की के आदेश पारित किए। न्यायालय के आदेशों की पालना में तहसीलदार जसकिरण हुवोर, थानाधिकारी राजतालाब देवीलाल मीणा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संपत्तियों को कुर्क कर राजकीय संपत्ति के बोर्ड लगाए।

इनमें अंजुम पत्नी समीर खान की इंदिरा कॉलोनी स्थित आवासीय भूमि के दो प्लॉट, जिनकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए है, जबकि जीनत खान पुत्री सलीम अहमद की एक स्कूटी (कीमत 1.25 लाख रुपए) और कायनात पुत्री सलीम अहमद की एक स्कूटी (कीमत 1.25 लाख रुपए) जब्त की गई है।

नशे के कारोबार में लिप्त थी तीनों बहनें

पुलिस के अनुसार ये तीनों बहनें स्मैक, ब्राउन शुगर और एमडीएमए जैसे घातक नशों की तस्करी में लिप्त थीं। साथ ही गरीब लोगों को ऊंचे ब्याज पर कर्ज देकर उनके मकान के दस्तावेज, ब्लैंक चेक और स्टाम्प पेपर अपने कब्जे में ले लेती थीं। बाद में कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उनके गहने, दुकान और जमीन हड़प लेती थीं। इनके विरुद्ध पहले से ही दर्जनों मामले दर्ज बताए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *