उदयपुर। जिले के कोटड़ा क्षेत्र में 12वीं कक्षा में असफल होने से आहत एक छात्र ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। घटना मांडवा थाना क्षेत्र के उमरी पादर गांव की है, जहां इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार उमरी पादर निवासी 17 वर्षीय नरेश पुत्र मसरू गमार स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जुड़ा में 12वीं कक्षा का छात्र था। हाल ही में घोषित हुए बोर्ड परीक्षा परिणाम में नरेश असफल हो गया था। परिणाम आने के बाद से ही वह मानसिक रूप से काफी परेशान बताया जा रहा था।
पेड़ के नीचे मिली लाश
परिजनों के अनुसार मंगलवार दोपहर नरेश घर से निकलकर पास के जंगल की ओर चला गया। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिवार को चिंता होने लगी। परिजनों और ग्रामीणों ने रात में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बुधवार सुबह फिर से ग्रामीणों के साथ जंगल में खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान एक पेड़ के नीचे नरेश का शव पड़ा मिला।
गांव में शोक की लहर
ग्रामीण उसे तुरंत घर लाए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद परिजनों ने नरेश का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि नरेश ने जंगल में जाकर कीटनाशक पी लिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार में पढ़ाई करने वाला इकलौता
बताया जा रहा है कि नरेश अपने परिवार में पढ़ाई करने वाला इकलौता बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर किसी तरह उसे पढ़ा रहे थे, ताकि वह पढ़-लिखकर परिवार की स्थिति बेहतर बना सके। नरेश का बड़ा भाई पढ़ा-लिखा नहीं है, इसलिए परिवार की उम्मीदें भी उसी से जुड़ी हुई थीं।
गहरे सदमे में परिवार
परीक्षा में असफल होने के बाद नरेश काफी निराश हो गया था और इसी तनाव में उसने यह कदम उठा लिया। बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


