Rajasthan Politics : टोंक. एआईसीसी महासचिव एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार ढाई साल में कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाई है और अफसरशाही पूरी तरह हावी है। यही कारण है कि सरकार नगर निकाय चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे अपनी हार का डर सता रहा है। सचिन पायलट रविवार को टोंक विधानसभा सीट के दौरे पर थे। उन्होंने देवपुरा, हरचंदेड़ा, भरनी व सोनवा समेत कई गांवों में ग्रामीणों से सम्पर्क किया और समस्याएं जानी। उन्होंने देवपुरा में लाइब्रेरी का लोकार्पण किया।
सचिन पायलट ने कहा कि केरल विधानसभा का कार्यकाल मई तक था। लेकिन निर्वाचन आयोग ने जल्दबाजी में चुनाव घोषित कर दिए। कम समय मिलने के बावजूद कांग्रेस ने मजबूती से चुनाव लड़ा और बेहतर परिणाम की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि केरल, पुदुचेरी और असम में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और वहां सरकार बनने की पूरी संभावना है।
असम के मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं…
सचिन पायलट ने असम को लेकर कहा कि वहां के मुख्यमंत्री की ओर से लगाए जा रहे आरोप और अभद्र भाषा यह दर्शाते हैं कि वे घबराए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि असम पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है और विपक्ष पर कार्रवाई की जा रही है।
सरकार से किसानों को तत्काल राहत देने की मांग
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि भाजपा 12 साल से सत्ता में है। लेकिन घुसपैठ जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जबकि सभी एजेंसियां और संसाधन उसके पास हैं। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और वह पूरे साल मेहनत करता है। लेकिन नुकसान होने पर उसे समय पर मदद नहीं मिलती। उन्होंने सरकार से किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की।

नगर निकाय चुनाव नहीं कराना सरकार की कमजोरी
सचिन पायलट ने कहा कि राज्य में नगर निकाय चुनाव नहीं कराना सरकार की कमजोरी को दर्शाता है। भाजपा को पता है कि चुनाव हुए तो जनता ढाई साल का हिसाब मांग लेगी और नगर निकायों में उसका सूपड़ा साफ हो जाएगा।
कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने का किया आह्वान
निवाई. गंगापुर सिटी से टोंक जाते समय रविवार को दत्तवास मोड़ पर सचिन पायलट के आगमन पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में साफा पहनाकर व फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत के बाद पायलट ने संक्षिप्त और प्रभावी उद्बोधन में कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने आगामी नगरपालिका एवं जिला परिषद चुनावों को निर्णायक बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर सक्रियता ही जीत का आधार बनेगी।
उन्होंने हर कार्यकर्ता से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर जनता से सीधे संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।अपने संबोधन में पायलट ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में आमजन की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर रही है और किसान अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं।
पायलट ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र भी दबाव में काम कर रहा है, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं और सरकार की नीतियों की सच्चाई उजागर करें, ताकि लोकतांत्रिक तरीके से परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हो सके। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रामस्वरूप गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीठालाल मीणा, लादूराम मीणा, पूरणमल बैरवा, सोनू गुर्जर, मुकेश गुर्जर, रामकेश मीणा, हनुमान गुर्जर, सोनू गुर्जर, किशन मीणा एवं महेंद्र चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


