Second Grade Teacher Exam Fraud: राजस्थान में वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) भर्ती परीक्षा-2022 में डमी परीक्षार्थियों के जरिये चयन कराने के संगठित गिरोह में एक और आरोपी एमबीबीएस छात्र को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले एसओजी आरोपी को कोलकाता से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। आरोपी ने 2.50 लाख रुपए में सौदा तय कर डमी परीक्षार्थी बनकर उदयपुर में विज्ञान विषय की परीक्षा दी थी।
डमी परीक्षार्थियों के शामिल होने की मिली शिकायत
एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि 24 दिसंबर 2022 को सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान तथा विज्ञान विषय की परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र लीक होने पर परीक्षा निरस्त कर 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित की गई थी, जिसमें डमी परीक्षार्थियों के माध्यम से चयन कराने की शिकायत पर मामला दर्ज कराया गया था।
आरोपी MBBS फोर्थ ईयर में अध्ययनरत
अनुसंधान अधिकारी एएसपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फर नगर स्थित खतौली निवासी प्रिंस सैनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एमबीबीएस फोर्थ ईयर में पढ़ रहा है और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
आरोपी प्रिंस ने ढाई लाख रुपए में सौदा तय कर मनोहर सिंह विश्नोई (जिला जालोर) की जगह 24 दिसंबर 2022 को उदयपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर विज्ञान विषय की परीक्षा दी थी।
दो शिक्षकों समेत 3 MBBS छात्र अरेस्ट
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को पुलिस ने 3 एमबीबीएस छात्र और दो शिक्षकों को गिरफ्तार किया गया था। मामले में अब तक 12 मूल अभ्यर्थी, 9 डमी परीक्षार्थी और 5 सहयोगी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


