Rajasthan Murder: राजस्थान में पति ने पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, फिर जंगल में जाकर उठाया खौफनाक कदम

Rajasthan Murder: राजस्थान में पति ने पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, फिर जंगल में जाकर उठाया खौफनाक कदम

सेवाड़ी/नाणा (पाली)। नाणा थाना क्षेत्र के बेरड़ी ग्राम पंचायत के निकट झुंपा सेरावा में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद अगले दिन पति ने जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली। नाणा थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा के अनुसार, पति लालाराम गमेती और उसकी पत्नी कमला (30) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।

मारपीट से मौत

पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि लालाराम ने पत्नी कमला के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका कमला के पिता सोमेडाराम गमेती निवासी सरली बेरी कोटीवाड़ा ने नाणा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति लालाराम पुत्र जीवाराम गमेती ने की है। शिकायत मिलने पर नाणा थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका कमला के शव को कब्जे में लेकर चामुंडेरी पीएचसी की मोर्चरी में भिजवाया।

पेड़ से लटका शव मिला

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पास के जंगल क्षेत्र में एक पहाड़ी के निकट एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शव की पहचान लालाराम पुत्र जीवाराम गमेती के रूप में हुई, जो मृतका कमला का पति था। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद कमला का शव उसके पिता सोमेडाराम गमेती को सौंप दिया गया, जबकि लालाराम का शव उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *