Mega Bridge On Kota-Bundi Chambal River: राजस्थान में चंबल नदी पर 256 करोड़़ रुपए की लागत से 4807 मीटर लंबा पुल बनने जा रहा है। जिसका शिलान्यास चार अप्रेल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। कोटा जिले के ढ़ीपरी चंबल एवं बूंदी के चाणदा गांव के बीच बन रहे इस पुल की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। तकनीकी जांच के बाद निर्माण कार्य के लिए मशीनें व प्लांट लगने शुरू हो गया है। शिलान्यास की तैयारी भी की जा रही है। रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कोटा कार्यालय की टीम चंबल ढ़ीपरी पहुंची और कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
चंबल नदी में हादसे के बाद उठने लगी थी मांग
पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र और बारां जिले से जुड़े कई गांवों के लोग इंद्रगढ़, चौथ का बरवाड़ा और कमलेश्वर महादेव (क्वारजी) जैसे धार्मिक स्थलों पर मुख्य तिथियों और पर्व-त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में आते-जाते हैं। लंबे समय से यहां चंबल नदी पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ती थी। समय की कमी और सुविधाओं के अभाव में लोग जोखिम उठाकर नाव से यात्रा करते रहे। 16 सितंबर 2020 को नाव पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने यहां स्थायी पुल बनाने की मांग तेज कर दी।
बूंदी जिले की ओर से शुरू होगा निर्माण कार्य
निर्माण कार्य एक मार्च से कार्यकारी फर्म ने बूंदी जिले से शुरू कर दिया है। वहां पुल निर्माण के लिए सामग्री तैयार करने की मशीनें व प्लांट की स्थापना की जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कार्यक्रम के लिए विभागीय स्तर पर तैयारी पूरी है, जो प्रोटोकॉल मिलेगा उसे फॉलो करेंगे।
हेमराज चौधरी, अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग
फैक्ट फाइल
- इंद्रगढ़ ललितपुर स्टेट हाईवे पर निर्माण के बाद यह होगा प्रदेश का सबसे बड़ा पुल।
- 256 करोड़ की लागत से बन रहा पुल, पुल निर्माण पर खर्च होगी 189 करोड़ की राशि बाकी जमीन अवाप्ति में।
- 4807 मीटर होगी पुल की लंबाई जिसमें 1800 मीटर पुल क्षेत्र बाकी अप्रोच क्षेत्र बनेगा।
- 45 पिलर लगेंगे पुल पर जिसमें प्रत्येक पिलर की दूरी 40 मीटर होगी।
- कोटा जिले के चंबल ढ़ीपरी एवं बूंदी के चाणदा गांव के बीच चंबल नदी पर बनेगा पुल।


