Rajasthan Highway: पालनपुर-स्वरूपगंज नेशनल हाईवे के किनारे चलेगा बुलडोजर, हटेंगे 374 अतिक्रमण, NHAI ने थमाए नोटिस

आबूरोड। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने गुजरात के पालनपुर से राजस्थान के सिरोही जिले के स्वरूपगंज तक हाईवे-27 की जमीन पर करीब 374 छोटे-बड़े अतिक्रमण चिह्नित किए हैं। अथॉरिटी की ओर से अब तक 250 से अधिक अतिक्रमियों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पिछले महीने अथॉरिटी ने बनासकांठा और सिरोही जिला कलक्टर तथा पुलिस अधीक्षक को अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाने के लिए पत्र भेजा है, ताकि उच्च न्यायालय के आदेश की पालना सुनिश्चित की जा सके।

यह है न्यायालय का आदेश

राजस्थान उच्च न्यायालय ने हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्गों की बिल्डिंग लाइन और कंट्रोल लाइन के भीतर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि राजमार्ग के मध्य बिंदु से 75 मीटर के भीतर कोई भी व्यावसायिक निर्माण अवैध माना जाएगा और उसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। न्यायालय ने राजमार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के कारण हो रहे सड़क हादसों पर भी गंभीर चिंता जताई है।

कलक्टर ने दिए थे निर्देश

सिरोही जिला कलक्टर ने 28 अक्टूबर, 2025 को एक पत्र जारी कर संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे। इसमें राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सिरोही और परियोजना निदेशक, एनएचएआई को पुलिस और प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया था। साथ ही 15 दिन में कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए थे। हालांकि, इन निर्देशों के तीन महीने बाद भी कार्रवाई लंबित है।

पुलिस जाब्ते का आग्रह

एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि पालनपुर से स्वरूपगंज तक हाईवे की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित जिला प्रशासन से पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। जाब्ता मिलते ही अभियान शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अतिक्रमणों का ड्रोन और फिजिकल सर्वे कराया जा चुका है और शेष अतिक्रमियों को नोटिस देने की प्रक्रिया जारी है।

इनका कहना है

नेशनल हाईवे-27 पर अतिक्रमण हटाने के लिए एनएचएआई की ओर से सहयोग मांगा जाएगा तो हम पूरा सहयोग करेंगे। अभी तक हमारे पास कोई औपचारिक आग्रह नहीं आया है।

  • रमेश परिहार, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, आबूरोड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *