राजस्थान- मार्च में ही हीटवेव का अलर्ट,पारा 40 के करीब:दिन में झुलसाने वाली धूप, रात ठंडी; जानें- अचानक इतनी गर्मी क्यों बढ़ी

राजस्थान- मार्च में ही हीटवेव का अलर्ट,पारा 40 के करीब:दिन में झुलसाने वाली धूप, रात ठंडी; जानें- अचानक इतनी गर्मी क्यों बढ़ी

अरब सागर में एंटी साइक्लोन बनने से राजस्थान में गर्मी तेज हो गई। पश्चिम से तेज गर्म हवा चलने से राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में झुलसाने वाली गर्मी शुरू हो गई। बुधवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के नजदीक आ गया। जयपुर, अजमेर, चूरू, उदयपुर में भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। वहीं, रात में इसके उलट ठंडक अच्छी है। कई शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हो रहा है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो से तीन दिनों में राज्य में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। जिससे पश्चिमी जिलों में गर्म हवा चलने का अलर्ट है। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही पिछले 24 घंटे में सभी जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप के साथ कुछ शहरों में दोपहर में हल्की गर्म हवा चली। उदयपुर, श्रीगंगानगर, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, जयपुर, चूरू, बीकानेर, अजमेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात में ठंडक, पारा 10 डिग्री से नीचे दिन में तेज गर्मी के बाद शाम होने के साथ ही लोगों को राहत रहती है। कई शहरों में रात में ठंडक बढ़ने के साथ न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। कल सबसे ज्यादा ठंडी रात पाली में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस, करौली में 11.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। क्यों बढ़ी अचानक इतनी गर्मी? मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राजस्थान में गर्मी बढ़ने के पीछे बड़ा कारण गुजरात-पाकिस्तान से लगते अरब सागर में एंटी साइक्लोन का बनना है। इस सिस्टम में हवाएं घड़ी की दिशा में घुमती हुई आसमान से धरती की तरफ तेजी से नीचे आती है। इससे हाइ-प्रेशर क्रिएट होता है। इस सिस्टम के बनने से आसमान बिल्कुल साफ रहता है। अरब सागर में एंटी साइक्लोन का बनने से हवा भी घूमकर पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान की तरफ सीधी प्रवेश कर रही है। जिसके कारण राजस्थान के साथ गुजरात और महाराष्ट्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश में तापमान बढ़ रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *