आगामी राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त कराने के लिए झुंझुनू पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पचेरी कलां पुलिस थाने पर एक ‘समन्वय बॉर्डर मीटिंग’ का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता बुहाना डीएसपी नोपाराम भाकर ने की, जिसमें राजस्थान और हरियाणा के बॉर्डर थानों के पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकना और कानून व्यवस्था बनाए रखना रहा। चुनाव को लेकर बनी ‘जीरो टॉलरेंस’ कार्ययोजना
बैठक के दौरान पंचायत चुनावों को प्रभावित करने वाले कारकों पर गहन मंथन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मुख्य रूप से 5 बिंदुओं पर रणनीतिक सहमति बनाई है।
अवैध तस्करी पर सर्जिकल स्ट्राइक: चुनाव के दौरान शराब, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के उपयोग की संभावना बढ़ जाती है। इसे रोकने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त टीमें बनाकर छापेमारी करेंगी। वांछित अपराधियों की धरपकड़: बॉर्डर के दोनों ओर सक्रिय वांछित अपराधियों (Wanted Criminals) की सूचियों का आदान-प्रदान किया गया। निर्णय लिया गया कि अब अपराधी एक राज्य में अपराध कर दूसरे राज्य में शरण नहीं ले पाएंगे। रियल-टाइम सूचना का आदान प्रदान: सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों की खुफिया जानकारी (Intelligence) साझा करने के लिए एक त्वरित संचार तंत्र विकसित किया जाएगा। बॉर्डर पर नाकाबंदी और चेकिंग: सीमावर्ती रास्तों पर विशेष निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना के तहत सघन तलाशी अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
पंचायत चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीमावर्ती थानों के साथ बेहतर तालमेल बैठाकर अपराधियों के भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। नोपाराम भाकर, डीएसपी, बुहाना बैठक में शामिल पुलिस अधिकारी बैठक में राजस्थान और हरियाणा के अनुभवी पुलिस अधिकारियों ने अपने विचार साझा किए। बैठक में डीएसपी बुहाना नोपाराम भाकर, धर्मबीर सिंह थानाधिकारी सदर नारनौल, रमेश कुमार थानाधिकारी सदर महेन्द्रगढ़ (हरियाणा), अनिल कुमार पुलिस निरीक्षक, थानाधिकारी सतनाली, सुरेंद्र इंचार्ज पुलिस चौकी गहली (सदर नारनौल) बनवारीलाल थानाधिकारी पचेरी कलां, बिमला बुडानिया थानाधिकारी बुहाना मौजूद रहे।


