Rajasthan Firing: अंतरजातीय शादी से नाराज थे काका, गुस्साए भतीजे ने गोली से उड़ाया, परिवार में कोहराम, इलाके में दहशत

Rajasthan Firing: अंतरजातीय शादी से नाराज थे काका, गुस्साए भतीजे ने गोली से उड़ाया, परिवार में कोहराम, इलाके में दहशत

पचेवर। पंचायत समिति क्षेत्र की आवड़ा पंचायत में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने अपने ही काका की नालीदार बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और गांव में मातम का माहौल छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आशीष प्रजापत, मालपुरा तथा पचेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

लंबे समय से तनाव

मृतक रमेश बावरी (40) पुत्र हरजी बावरी की पुत्री ने बताया कि विवाद की मुख्य वजह आरोपी सुरेश बावरी का अंतरजातीय विवाह था। रमेश बावरी इस विवाह से नाराज थे और उन्होंने सुरेश को कई बार समझाने की कोशिश की थी कि ऐसे फैसलों से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।

काका पर किया फायर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि सुरेश बावरी ने आवेश में आकर घर में रखी नालीदार बंदूक उठा ली और रमेश बावरी पर फायर कर दिया। गोली लगते ही रमेश मौके पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस अचानक हुई वारदात से घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक रमेश बावरी अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी सहित चार बेटियां और दो बेटे हैं। परिवार पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी प्रीति रत्नू जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल तथा एमओयू टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

यह वीडियो भी देखें

इसके बाद शव को जिला अस्पताल मालपुरा भेजा गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सुरेश बावरी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *