RBSE 12th Result Update: 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की ओर से 12वीं कक्षा का परिणाम जल्द जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक बोर्ड की तरफ से रिजल्ट की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि परिणाम अप्रेल के पहले सप्ताह में घोषित किया जा सकता है।
अप्रेल के पहले सप्ताह में आ सकता है रिजल्ट
राजस्थान बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं इस साल 11 मार्च को समाप्त हुई थीं। इसके बाद से ही छात्र और अभिभावक परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हाल ही में बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर संकेत दिया था कि 12वीं का रिजल्ट जल्द जारी किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार बोर्ड परिणाम जारी करने की तैयारी कर रहा है और संभावना है कि अप्रेल के पहले सप्ताह में रिजल्ट घोषित कर दिया जाए।
करीब 9 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा
इस वर्ष प्रदेशभर में लगभग 9 लाख विद्यार्थियों ने RBSE 12वीं की परीक्षा दी है। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य तेजी से पूरा किया गया है। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपने अंक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे।
तीनों संकाय का रिजल्ट एक साथ हो सकता है जारी
पिछले साल की तरह इस बार भी आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया जा सकता है। बोर्ड मुख्यालय अजमेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणाम की घोषणा की जाएगी। इसके बाद आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा।
पास होने के लिए जरूरी हैं इतने अंक
राजस्थान बोर्ड की 12वीं परीक्षा में पास होने के लिए विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। इसमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों का मूल्यांकन अलग-अलग किया जाता है।
ऐसे करें RBSE 12वीं का रिजल्ट डाउनलोड
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र नीचे दिए गए आसान स्टेप्स के जरिए अपना परिणाम देख सकते हैं—
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर ‘RBSE 12th Result 2026’ के लिंक पर क्लिक करें।
- अपनी स्ट्रीम (आर्ट्स, साइंस या कॉमर्स) चुनें।
- अपना रोल नंबर दर्ज करें।
- सबमिट पर क्लिक करते ही स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा।


