Raipur To Jaipur Flight: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से जयपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का संचालन शुरू किया गया है। इंडिगो एयरलाइंस की यह फ्लाइट रायपुर से वाया हैदराबाद होते हुए जयपुर जाएगी। वहीं जयपुर से वाया नवी मुंबई से रायपुर आएगी। विमानन कंपनी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार यह विमान रायपुर से हैदराबाद 5 घंटे में पहुंचेगा। ‘
टिकटों की बुकिंग करने के लिए ट्रैवल्स संचालकों को स्लाॅट जारी किया गया है। 180 सीटर एयरबस विमान का संचालन रोजाना किया जाएगा। हालांकि रायपुर से जयपुर के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने की मांग पिछले काफी समय से चल रही है। ट्रैवल्स संचालकों का कहना है कि इसका अच्छा प्रतिसाद मिलने पर इसमें फेरबदल किया जा सकता है।
7500 में मिलेगी टिकट
ट्रैवल्स संचालक किर्ती व्यास ने बताया कि जयपुर जाने के लिए शुरुआती किराया 7500 से 11000 रुपए में मिलेगा। सीटों की उपलब्धता के आधार पर किराया में फेरबदल हो सकता है। यह फ्लाइट रायपुर से सुबह 9 बजे उड़ान भरने के बाद 10.50 को हैदराबाद पहुंचेगी।
वहां से इंडिगो की दूसरी फ्लाइट सुबह 11.50 को जयपुर से लिए उडा़न भरने के बाद दोपहर 1.45 को जयपुर पहुंचेगी। वहीं जयपुर से शाम 3.55 को उड़ान भरने के बाद 5.40 को नवी मुंबई पहुंचेगी। नवी मुंबई से शाम 7.50 को वहां से रवाना होने के बाद रात 9.30 को रायपुर पहुंचेगी। इस फ्लाइट के शुरू होने से जयपुर जाने वाले यात्रियों को आंशिक राहत मिलेगी।
करीब 10 साल बाद रायपुर–जयपुर फ्लाइट सर्वे पूरा
दरअसल, रायपुर और जयपुर के बीच करीब 10 साल के लंबे गैप के बाद एयर सर्विस फिर से शुरू होने वाली है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस रूट के लिए अपना सर्वे पूरा कर लिया है और नई फ्लाइट के लिए एक प्रपोज़ल तैयार किया है। यह फ्लाइट 180 सीटों वाले एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल करके रायपुर-मुंबई-जयपुर रूट पर चलेगी. यह फैसला यात्रियों की लगातार मांग को देखते हुए लिया गया है। उम्मीद है कि यह फ्लाइट अगले महीने से शुरू हो जाएगी।
मुंबई के बाद जयपुर तक जाएगी उड़ान
वर्तमान में रायपुर एयरपोर्ट से मुंबई और हैदराबाद के लिए रोजाना तीन-तीन फ्लाइट्स का संचालन हो रहा है, जिनसे प्रतिदिन एक हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। नई प्रस्तावित फ्लाइट के जरिए मुंबई के लिए अतिरिक्त उड़ान शुरू की जाएगी, जिसे आगे जयपुर और हैदराबाद तक ले जाने की योजना है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।


