भास्कर संवाददाता| भिंड सोमवार दोपहर को एक बारहसिंघा जंगल से भटकते हुए अटेर के नरसिंहगढ़ गांव पहुंच गया। गांव में पहुंचा बारहसिंघा गांव में माधौ सिंह बघेल के मकान में घुस गया। रसोई में घुसे बारहसिंघा को ग्रामीणों ने गेट बंद कर कैद कर दिया। सूचना पर फॉरेस्ट टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उस पर काबू किया। नरसिंहगढ़ निवासी माधौ सिंह के घर में शादी होने के कारण चहल पहल थी। सोमवार दोपहर 2 बजे के करीब अचानक से एक बारहसिंघा कुलांचे भरता हुआ उनके मकान में घुस गया। अचानक घर में घुसे जंगली जानवर को देखकर परिवार के सदस्य और रिश्तेदार डर गए। इस बीच आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए और उन्होंने मकान के अंदर घुसे बारहसिंघा को गेट बंद कर कैद कर दिया। लोगों की भीड़ देखकर बारहसिंघा भी घबराया हुआ था। भोजन की तलाश में आते हैं कई बार हो जाता है शिकार: चंबल नदी की तराई क्षेत्र के बीहड़ में बड़ी संख्या में बारहसिंघा, चीतल सहित अन्य प्रजाति के वन्य जीव रहते हैं। भोजन की तलाश में यह बीहड़ से निकलकर खेतों तक आने पर गांव तक पहुंचते हैं। क्षेत्र में सक्रिय शिकारी कई बार इन जंगली जीवों को जाल में फंसा कर पकड़ लेते हैं।


