एमपी में 14-15 मार्च को बारिश का अलर्ट, सीजन में पहली बार पारा 40 पहुंचा

एमपी में 14-15 मार्च को बारिश का अलर्ट, सीजन में पहली बार पारा 40 पहुंचा

Weather Update : मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी ने मार्च के महीने से ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालात ये हैं कि, सीजन में पहली बार यहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। प्रदेश का रतलाम जिले में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज हुआ। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश की संभावना जताई है।

एमपी में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही तेज गर्मी पड़ रही है। ग्वालियर, चंबल, इंदौर और उज्जैन संभाग के शहर सबसे ज्यादा गर्म है। यहां आने वाले दिनों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा समय में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम है। वहीं, हवा में नमी बहुत कम है, जिससे तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है।

40 डिग्री पहुंचा तापमान

प्रदेश में बुधवार का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रतलाम में पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में 39.9 डिग्री, धार में 39.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 38.4 डिग्री, खजुराहो में 38.2 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री, इंदौर में 38 डिग्री, उज्जैन-ग्वालियर में 37.7 डिग्री, जबलपुर में 36.5 डिग्री और भोपाल में 36.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि खंडवा, खरगोन, श्योपुर, सागर, मंडला, दमोह और उमरिया का तापमान 37 डिग्री या इससे अधिक रहा।

यहां बारिश का अलर्ट

वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश होने की संभावना जताई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 14 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, मंदसौर और नीमच में पानी गिरने के आसार है। वहीं 15 मार्च को ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, निवाड़ी, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बैतूल, बालाघाट, पांढुर्णा, शिवपुरी, शहडोल, सतना, सिंगरौली, सिवनी, सीधी, अशोकनगर, अनूपपुर, मुरैना, मंडला, मैहर, मऊगंज, दतिया, भिंड, पन्ना, टीकमगढ़, रीवा, उमरिया, कटनी और डिंडोरी में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *