फिरोजाबाद। रेल प्रशासन ने होली पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इसी क्रम में वडोदरा-गोरखपुर-वडोदरा के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 26 फरवरी से 26 मार्च तक कुल पांच-पांच फेरे लगाएगी। आगरा के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 09111 वडोदरा-गोरखपुर विशेष ट्रेन 23 फरवरी को वडोदरा से शाम 07:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर और ईदगाह होते हुए अगले दिन सुबह 09:20 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। टूंडला जंक्शन पर पांच मिनट के ठहराव के बाद, यह ट्रेन शिकोहाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती होते हुए उसी रात 11:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 09112 गोरखपुर-वडोदरा विशेष ट्रेन 25 फरवरी को गोरखपुर से सुबह 05:00 बजे रवाना होगी। यह इसी मार्ग से शाम 07:00 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। टूंडला में पांच मिनट के ठहराव के बाद, यह ट्रेन वडोदरा के लिए आगे बढ़ेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें एक एसी प्रथम श्रेणी, दो एसी द्वितीय श्रेणी, छह एसी तृतीय श्रेणी, आठ स्लीपर श्रेणी, दो एलएस, एक डब्ल्यूएलआरआरएम और एक एसएलआर/डी कोच शामिल हैं।


