Railway New Decision : रेलवे ने ट्रेन यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए कई घोषणाएं की है। रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में अधिक यात्रीभार देखते हुए लालकुआं से राजकोट के बीच चार फेरे स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही रेलवे ने 10 जोड़ी ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई है। वहीं रेलवे ने अलर्ट किया है कि जयपुर-बांदीकुई ट्रैक पर अगले महीने दौसा होकर जयपुर आने जाने वाली एक दर्जन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
लालकुआं से राजकोट के बीच चलेगी ट्रेन
रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में अधिक यात्रीभार देखते हुए लालकुआं से राजकोट के बीच चार फेरे स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन वाया जयपुर होकर संचालित होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 5 से 26 अप्रेल तक लालकुआं से प्रत्येक रविवार रवाना होकर सोमवार को राजकोट पहुंचेगी।
यह ट्रेन 6 से 27 अप्रेल तक राजकोट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होकर बुधवार को लालकुआं पहुंचेगी। आवाजाही के दौरान यह ट्रेन जयपुर, फुलेरा, नावां सिटी, कुचामन सिटी, मकराना समेत कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई
रेलवे ने आगामी दिनों में ट्रेनों में अतिरिक्त यात्री सुविधाओं को देखते हुए दस जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार किया है। जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हिसार-खडकी-हिसार ट्रेन, अजमेर-बान्द्रा टर्मिनस- अजमेर, अजमेर-दौंड-अजमेर, बीकानेर-साईनगर शिर्डी- बीकानेर, हिसार-वलसाड-हिसार, भगत की कोठी-बान्द्रा टर्मिनस-भगत की कोठी, अजमेर-सोलापुर-अजमेर, जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस- जयपुर, मदार-रोहतक-मदार व उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार किया है।
एक दर्जन ट्रेनों का संचालन होगा प्रभावित
जयपुर-बांदीकुई ट्रैक पर अगले महीने दौसा होकर जयपुर आने जाने वाली एक दर्जन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर स्पेशल 5 अप्रेल को रद्द रहेगी। 5 अप्रेल को मथुरा-जयपुर-मथुरा ट्रेन जयपुर-अलवर स्टेशनों के मध्य, आगरा फोर्ट-अजमेर-आगरा फोर्ट ट्रेन अजमेर-बांदीकुई स्टेशनों के मध्य आंशिक रद्द रहेगी।
इनके अलावा 4 अप्रेल को साबरमती-दिल्ली ट्रेन, काठगोदाम-जैसलमेर ट्रेन व वाराणसी-साबरमती ट्रेन निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा के स्थान पर परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस- फुलेरा होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग में यह रेलसेवा नारनौल, नीम का थाना व रींगस स्टेशनों पर ठहराव करगी।
बिरूर स्टेशन पर अस्थाई ठहराव की अवधि बढ़ाई
रेलवे ने यात्री सुविधाओं को देखते हुए यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर ट्रेन के बिरूर स्टेशन पर अस्थाई ठहराव की अवधि में विस्तार किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर ट्रेन बिरूर स्टेशन पर 30 जून तक ठहराव करेगी।


