Ala Hazrat Express to Run via Lucknow: रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। बरेली से भुज (गुजरात) के बीच चलने वाली मशहूर आला हजरत एक्सप्रेस जल्द ही लखनऊ के रास्ते संचालित की जाएगी। इसके शुरू होने से लखनऊ समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को गुजरात के भुज तक सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन के रूट विस्तार को लेकर रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्ताव में ट्रेन को पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर और सीतापुर के रास्ते लखनऊ जंक्शन तक बढ़ाने की योजना शामिल है। रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिल जाएगी।
लखनऊ से गुजरात तक सफर होगा आसान
आला हजरत एक्सप्रेस के लखनऊ से होकर चलने से यात्रियों को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों तक पहुंचने में बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब तक लखनऊ और आसपास के जिलों के यात्रियों को भुज जाने के लिए बरेली या अन्य बड़े जंक्शनों तक जाना पड़ता था, लेकिन इस रूट विस्तार के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेन न सिर्फ यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
हफ्ते में तीन दिन चलेगी आला हजरत एक्सप्रेस
प्रस्ताव के अनुसार, गाड़ी संख्या 14311 आला हजरत एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन- सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को लखनऊ जंक्शन से चलाई जाएगी।
- लखनऊ जंक्शन से प्रस्थान समय: रात 10:00 बजे
- इसके बाद ट्रेन निम्नलिखित स्टेशनों से होकर गुजरेगी
- सीतापुर: रात 12:10 बजे
- लखीमपुर: रात 12:52 बजे
- गोला: रात 1:22 बजे
- मैलानी: रात 2:00 बजे
- पूरनपुर: रात 2:55 बजे
- पीलीभीत: सुबह 4:00 बजे
- इज्जतनगर: सुबह 5:10 बजे
- बरेली: सुबह 6:35 बजे
इसके आगे ट्रेन अपने निर्धारित समयानुसार राजस्थान और गुजरात की ओर रवाना होगी और अंततः भुज पहुंचेगी।
वापसी में भी लखनऊ को मिलेगा लाभ
वापसी में गाड़ी संख्या 14312 आला हजरत एक्सप्रेस बरेली से मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को चलेगी।
- बरेली से प्रस्थान समय: रात 9:25 बजे
- स्टेशन क्रम इस प्रकार रहेगा-
- इज्जतनगर: रात 10:05 बजे
- पीलीभीत: रात 11:10 बजे
- पूरनपुर: रात 12:15 बजे
- मैलानी: रात 1:10 बजे
- गोला: रात 1:32 बजे
- लखीमपुर: रात 2:02 बजे
- सीतापुर: रात 2:45 बजे
- लखनऊ जंक्शन: सुबह 4:45 बजे
इस तरह लखनऊ के यात्रियों को रात में आरामदायक यात्रा और सुबह शहर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
भेल्दी के रास्ते संचालित होंगे रैक
रेलवे सूत्रों के अनुसार, आला हजरत एक्सप्रेस के ये रैक भेल्दी के रास्ते संचालित किए जाएंगे। इससे रूट संचालन में बेहतर तालमेल रहेगा और समय पालन में भी सुधार की उम्मीद है। मेहसाणा रूट की ट्रेनों को भी मिलेगा लखनऊ विस्तार,इसी क्रम में रेलवे ने मेहसाणा के रास्ते चलने वाली ट्रेनों को लेकर भी अहम प्रस्ताव रखा है। ट्रेन संख्या 14321 आला हजरत एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से रविवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14322 आला हजरत एक्सप्रेस बरेली से सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इसी समय सारिणी के अनुसार संचालित होगी। इससे लखनऊ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को गुजरात के मेहसाणा और आसपास के इलाकों तक भी सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
रेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस ट्रेन के रूट विस्तार से सिर्फ यात्रियों को ही नहीं, बल्कि व्यापारियों और श्रमिकों को भी फायदा होगा। गुजरात देश का एक प्रमुख औद्योगिक राज्य है, जहां उत्तर प्रदेश के हजारों लोग रोजगार से जुड़े हुए हैं।सीधी ट्रेन मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी। साथ ही माल ढुलाई और छोटे व्यापारियों की आवाजाही भी आसान हो सकेगी।
यात्रियों में खुशी की लहर
इस खबर के सामने आते ही लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर, पीलीभीत और बरेली के यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग इसे रेलवे का “सराहनीय कदम” बता रहे हैं। एक यात्री ने कहा,“अब भुज जाने के लिए दिल्ली या बरेली तक भटकना नहीं पड़ेगा। लखनऊ से सीधी ट्रेन मिलना बड़ी राहत है।”
जल्द मिल सकती है रेलवे बोर्ड की मंजूरी
पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों को भरोसा है कि बोर्ड से जल्द ही इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन के संचालन की आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।


