मीरा रोड में ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा: 3 नाबालिग समेत 16 लड़कियां रेस्क्यू, 13 गिरफ्तार

मीरा रोड में ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा: 3 नाबालिग समेत 16 लड़कियां रेस्क्यू, 13 गिरफ्तार

Mira Road Orchid Bar Raid: मुंबई शहर के करीब मीरा रोड इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर 16 लड़कियों को रेस्क्यू किया है। इस दौरान 3 नाबालिग लड़कियां भी बचाई गईं हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

डीसीपी के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह छापेमारी मीरा रोड (पूर्व) स्थित रेलवे स्टेशन के पास ऑर्चिड ऑर्केस्ट्रा बार (Orchid Bar) में डीसीपी राहुल चव्हान (DCP Rahul Chavan) के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को यहां संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद यह ऑपरेशन चलाया गया।

तहखाना तोड़कर निकाली गईं 9 लड़कियां

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ऑर्किड बार में अवैध गतिविधियां चल रही हैं और लड़कियों को छिपाकर रखा गया है। जब पुलिस टीम ने बार के अंदर तलाशी ली, तो वहां एक गुप्त तहखाना मिला। पुलिस ने उसे दिवार तोड़कर खोला, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।

इस छोटे से तहखाने के अंदर 9 लड़कियों को छिपाकर रखा गया था। वहीं, छापेमारी के दौरान 7 लड़कियां बार के स्टेज पर मौजूद पाई गईं। रेस्क्यू की गई कुल 16 लड़कियों में से 3 की उम्र 18 साल से कम पाई गई है, जिसे लेकर पुलिस ने कड़ी धाराएं लगाई हैं।

13 लोगों को मौके से किया गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 मैनेजर, 1 कैशियर और 10 वेटर शामिल हैं। हालांकि, बार का मालिक और संचालक फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।

मीरा रोड पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। बचाई गई लड़कियों को पुनर्वास केंद्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह बार कब से इस तरह से चलाया जा रहा था और क्या यहां किसी बड़े मानव तस्करी रैकेट (Human Trafficking Case) के तार तो नहीं जुड़े हैं।

स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे किसी भी अवैध प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *