राहुल गांधी भगवान राम की तरह… कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा बोली- यह कैसी चापलूसी है?

राहुल गांधी भगवान राम की तरह… कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा बोली- यह कैसी चापलूसी है?

महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से कर दी, जिससे सियासी माहौल गरमा गया। भाजपा ने पटोले की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उधर, कांग्रेस नेताओं ने पटोले का बचाव करते हुए कहा कि उनके बयान में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है।

भाजपा बोली- ये हिंदू आस्था का अपमान है

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर चापलूसी की सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, राहुल गांधी को भगवान राम बता रहे हैं…यह कैसी चापलूसी है। हाल ही में सोनिया गांधी को क्रिसमस मनाने का कारण बताया था और अब वे एक इंसान की तुलना मर्यादा पुरुषोत्तम राम से कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता लगातार हिंदू आस्था का अपमान कर रहे हैं।

पूनावाला ने याद दिलाया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय कांग्रेस ने इसे ‘नाच-गाना’ कहकर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाया था। यह वही कांग्रेस है जिसने राम मंदिर बनाने का भी विरोध किया था।

कांग्रेस नेता बचाव में उतरे-

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने इस मामले पर कहा, “राम ने रावण की लंका को तहस-नहस किया था। उसी तरह राहुल गांधी भी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं। इसलिए मेरी राय में नाना पटोले के बयान में कुछ भी अपमानजनक नहीं है।”

वहीं, दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी पटोले के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी देश की एकता और अखंडता के लिए इस संविधान को मजबूत करने के लिए बहुत बेहतर काम कर रहे हैं और हम उनके दिखाए हुए रास्ते पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।”

क्यों छिड़ा विवाद?

नागपुर में जब राहुल गांधी के राम मंदिर न जाने को लेकर नाना पटोले से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी भगवान श्रीराम की तरह काम कर रहे हैं। भगवान राम हर किसी के दिल और विचारों में होते हैं। शोषित और पीड़ित लोगों की सेवा करना व उन्हें न्याय दिलाना भगवान राम का काम था। आज वही काम राहुल गांधी कर रहे हैं।”

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “राहुल गांधी जब चाहेंगे, अयोध्या जाएंगे और रामलला का दर्शन करेंगे, क्योंकि रामलला के मंदिर का ताला राजीव गांधी ने खुलवाया था। भगवान राम का काम आज राहुल गांधी कर रहे हैं। मंदिर जाने वाले नेता दिखावा करते हैं। राहुल गांधी उनकी तरह दिखावा नहीं करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *