Rajasthan Congress: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस जिलाध्यक्षों को संगठन को पंचायत व बूथ स्तर पर मजबूत करने का टास्क दिया है। दिल्ली में राजस्थान सहित आठ प्रदेशों के जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने यह भी साफ किया गया कि जल्द से जल्द कार्यकारिणी का गठन करें और एक महीने में बैठक कर टटोलें कि कौन आ रहा है और कौन नहीं। जो लगातार तीन बैठकों में नहीं आए उसे बाहर का रास्ता दिखाओ।
जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार 10 फरवरी को इन राज्यों के जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में पूरा फोकस संगठन की मजबूती पर रहा। नेताओं ने साफ किया कि किसी के दबाव में नहीं रहें। 24 घंटे संगठन की मजबूती पर काम करें।
पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत नहीं हुआ तो कुछ नहीं होगा। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस सचिन पायलट, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत सहित अनेक नेता उपस्थित रहे। आपको बता दें कि राजस्थान में जल्द पंचायत चुनाव और निकाय चुनाव होने हैं।
प्रशिक्षणों का चलेगा दौर
बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि पहले कार्यकारिणी का गठन किया जाए। इसके बाद जिला, ब्लॉक और मंडल पर कार्यकारिणी का गठन करने के बाद ट्रेनिंग कैम्प चलाए जाएं। जनता के बीच पैठ बढ़ाएं और उनकी बात को सुनें।

कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारी दें। हर महीने बैठक करें और पिछली बैठक के टास्क पर चर्चा हो। जो पूरे नहीं हो पाए उन्हें अगली बैठक से पहले पूरा किया जाए।


