होली पर्व के मद्देनजर रायबरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान आम जनता को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई। टीम ने कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और बड़ी मात्रा में मिलावटी या निम्न गुणवत्ता वाले उत्पाद जब्त किए। विभाग की टीम ने बबलू खोया भंडार, खोया मंडी एवं गोदाम, कोतवाली के सामने, रायबरेली से खोया और बूंदी के एक-एक नमूने लिए। यहां से 249 किलोग्राम बूंदी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 19,920 रुपये है। इसी तरह, एसएसडी कोल्ड डिपो, गुरु नानक नगर से रसगुल्ला का एक नमूना लिया गया और 204 किलोग्राम रसगुल्ला जब्त किया गया, जिसका मूल्य 15,200 रुपये है। जय अंबे, गायत्री नगर, ऊंचाहार से नमकीन का नमूना लिया गया और 9 किलोग्राम नमकीन (कीमत 1,530 रुपये) जब्त की गई। उदयराज सिंह, मदारीगंज, ऊंचाहार से सरसों तेल का एक नमूना लिया गया और 58.5 किलोग्राम तेल (कीमत 11,115 रुपये) जब्त किया गया। खुशी किराना स्टोर, मदारीगंज, ऊंचाहार से रंगीन कचरी का एक नमूना लिया गया और 158 किलोग्राम कचरी (कीमत 9,480 रुपये) जब्त की गई। गुप्ता किराना स्टोर, पाहो, लालगंज से रंगीन कचरी और खोया के एक-एक नमूने लिए गए। यहां से 38 किलोग्राम कचरी (कीमत 1,520 रुपये) जब्त की गई और 50 किलोग्राम खोया नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त, बालाजी डेरी और शुभम यादव डेरी, खीरों, लालगंज से पनीर के एक-एक नमूने लिए गए। लक्ष्मी फूड्स एंड स्टोरेज, लालगंज से एसएमपी अमूल का एक नमूना लिया गया और 499 किलोग्राम एसएमपी अमूल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,40,059 रुपये है।


