PWD XEN और दलाल 33 लाख की रिश्वत लेते ट्रैप:ACB की जयपुर और झुंझुनूं में कार्रवाई; जमीन अलाइनमेंट बदलने के नाम पर मांगी थी घूस

PWD XEN और दलाल 33 लाख की रिश्वत लेते ट्रैप:ACB की जयपुर और झुंझुनूं में कार्रवाई; जमीन अलाइनमेंट बदलने के नाम पर मांगी थी घूस

Jaipur में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के एक्सईएन और एक दलाल को 33 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया है। आरोप है कि जमीन के अलाइनमेंट में बदलाव करने के नाम पर यह रकम मांगी गई थी। एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई शुक्रवार रात करीब 8 बजे की। एसीबी ने जयपुर की चौमूं पुलिया के पास से 33 लाख रुपए के साथ दलाल याकूब को रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद इसी के सामानांतर कार्रवाई में झुंझुनूं में दूसरी एसीबी की टीम ने PWD के XEN राकेश कुमार को उसके घर से राउंडअप किया गया है। नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए निकाली जा रही रोड
एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत ने बताया- झुंझुनूं के बग्गड़ से स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए रोड निकाली जा रही है। रोड अलाइनमेंट का काम झुंझुनूं इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी वैशाली नगर जयपुर को सरकार की ओर से सर्वे और अलाइनमेंट का जिम्मा दिया गया था। शिकायतकर्ता (परिवादी) की खातेदारी की जमीन को रोड में शामिल किया गया। उसके बाद रिअलाइनमेंट के नाम पर जमीन को बाहर निकालने का झांसा दिया गया। कंपनी के प्रतिनिधि याकूब अली चित्रकूट इलाके में स्थित अपने ऑफिस से रिश्वत रकम लेकर झुंझुनूं के चिड़ावा जाने की तैयारी में था। वहां यह रकम एक्सईएन राकेश कुमार को देने वाला था। एसीबी ने चौमूं पुलिया पर दबिश देकर पकड़ा
शुक्रवार रात करीब 8 बजे चौमूं पुलिया के पास से 33 लाख रुपए लेने के बाद याकूब ने PWD XEN राकेश कुमार से मोबाइल कॉल पर बातचीत की थी। रिश्वत की रकम याकूब शनिवार को चिड़ावा जाकर XEN राकेश कुमार को देने वाला था। उसके बताए अनुसार, दूसरी टीम ने झुंझुनूं में चिड़ावा से XEN राकेश कुमार को भी उसके घर से हिरासत में ले लिया। जांच में यह भी सामने आया कि याकूब अली गजट नोटिफिकेशन में अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में दर्ज है और वह किटाणा (झुंझुनूं) का रहने वाला है। इंडिकेटर जला तो एसीबी ने पकड़ा
शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर चौमूं पुलिया पहुंचा था। दलाल याकूब अपनी गाड़ी से उतरकर शिकायतकर्ता की गाड़ी में बैठ गया। एसीबी के कहे अनुसार, शिकायतकर्ता ने रिश्वत के 33 लाख रुपए दलाल याकूब को पकड़ा दिए। एसीबी को कार का इंडिकेटर जलाकर रिश्वत की रकम देने का संकेत दिया। एसीबी टीम ने इशारा मिलते ही दलाल याकूब को रिश्वत के 33 लाख रुपए के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *