फरीदाबाद जिले के रेलवे स्टेशन के पास दो अलग-अलग ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्रियों की शिकायत पर जीआरपी थाना फरीदाबाद ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। दिल्ली से आगरा जा रही थी महिला पहले मामले में झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा की चुन्दरी दास पत्नी रमेश दास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 24 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 12138 पंजाब मेल से दिल्ली से आगरा कैंट जा रही थी। वह ट्रेन के कोच एस-1 में बैठी थीं। सुबह करीब 6 बजे जब ट्रेन फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रुकी, उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका भूरे रंग का बैग चोरी कर लिया। बैग में करीब 20 हजार रुपए नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दवाइयां और चश्मा रखा हुआ था। एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर वहीं दूसरे मामले में पुणे के विमान नगर के पंकज शर्मा ने शिकायत दी कि वह 1 मार्च 2026 को मथुरा से दिल्ली जा रही ताज एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। सुबह करीब 9:10 से 9:15 बजे के बीच ट्रेन फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान वह पानी लेने के लिए कोच के गेट के पास गए थे। कुछ देर बाद जब वह अपनी सीट पर लौटे, तो उनके दोनों बैग गायब मिले। बैग में ये सामान रखा था बैग में एक लेनोवो लैपटॉप, दो आईफोन चार्जर, एप्पल ईयरबड्स, दो एप्पल ईयरफोन, डिफेंस कैंटीन कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, चेक बुक, क्रेडिट कार्ड और करीब 7 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। बैग में उनके साथ यात्रा कर रहे भारतीय वायु सेना में कार्यरत ललित का सामान भी था। अज्ञात ने चुराया पत्नी का लेडीज बैग इसके अलावा एक अन्य मामले में गाजियाबाद के मुरादनगर के राजेंद्र प्रसाद नामदेव ने बताया कि वह 13 फरवरी को पत्नी के साथ झांसी से हजरत निजामुद्दीन आ रही ट्रेन संख्या 11841 गीता जयंती एक्सप्रेस के कोच बी-1 में यात्रा कर रहे थे। 14 फरवरी को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी का लेडीज बैग चोरी कर लिया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस बैग में करीब 3900 रुपए नकद, एक काला जेंट्स पर्स, बैंक से संबंधित दस्तावेज, करीब 150 रुपए, पासपोर्ट साइज फोटो और कुछ दवाइयां रखी हुई थी। जीआरपी पुलिस के थाना प्रभारी राजपाल ने बताएं कि तीनों मामलों में जीआरपी फरीदाबाद ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


