भारत से पाकिस्तान जाकर मुस्लिम व्यक्ति से निकाह करने वाली पंजाबी महिला सरबजीत कौर की पति से बातचीत ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हुई हैं। एक रिकॉर्डिंग में उसने पति को कहा कि वह जासूसी करने पाकिस्तान नहीं गई बल्कि वह अश्लील फोटो डिलीट कराने के लिए आई है। अब वह वापस लौटना चाहती है। कपूरथला की रहने वाली सरबजीत ने रोते हुए यह भी कहा कि जिस मुस्लिम व्यक्ति से उसने निकाह किया, उसकी मां, पत्नी और बहन ने उसके थप्पड़ मारे। सरबजीत ने ये भी कहा कि वापस लौटने पर उसे कोई परेशान न करे। सरबजीत ने कहा कि यहां मुझे परेशान किया जा रहा है। मेरा बच्चों के बगैर जी नहीं लगता, मैं करोड़ों रुपए लोगों को देती थी, सरदारनी हूं, फिर भी पैसे-पैसे के लिए तरस रही हूं। सरबजीत श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सिख श्रद्धालुओं के साथ पाकिस्तान गई थी। उसने वहां धर्म बदलकर उसने अपना नाम नूर फातिमा रख लिया और नासिर हुसैन नाम के पाकिस्तानी व्यक्ति से निकाह कर लिया। इसका पता तब चला, जब उसका निकाहनामा और निकाह करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पाकिस्तान पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया था। पहले उसे उसी वक्त भारत भेजा जा रहा था। मगर, फिर पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने रोक दिया। अब उसे लाहौर के शेल्टर होम दारुल अमान में रखा गया है। जहां पुलिस की सिक्योरिटी लगाई गई है। इस संबंध में लाहौर हाईकोर्ट में केस चल रहा है। कुछ दिन पहले पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री मोहम्मद तलाल चौधरी ने सरबजीत को देश निकाला न देने और वीजा बढ़ाने की अपील को मंजूरी दी थी। अब पढ़िए ऑडियो में क्या बातचीत हुई… सरबजीत कौर: मैंने आगे भी दवा खा ली थी, अब फिर दवा खा लूंगी। मुझे परेशान मत करना, मुझे दुख मत देना। मुझे मारना मत।
पति: ऐसा कभी नहीं होगा। मैं गुरु नानक की सौगंध खाकर कहता हूं। मैं तुम्हें कुछ नहीं कहूंगा। तुम आ जाओ। मैं भी आ रहा हूं। सरबजीत कौर: मैंने तुम्हारा घर बसाया, सब कुछ किया। तुम्हारी कोठियां और महल बनाए। मैंने तुम्हारी एक पाई भी खराब नहीं की। बच्चों से भी कहना कि अपनी मां को स्वीकार करें। मुझसे गलती हो गई होगी।
पति: वे तुम्हें परेशान तो नहीं करते? सरबजीत कौर: परेशान तो करते हैं। मैं बहुत दुखी हूं। मैं अपने बच्चों के पास जाना चाहती हूं। मैंने छोटे-छोटे बच्चों को पाला है। यहां मैं एक-एक रुपए को तरस रही हूं। मुझे वीडियो कॉल करो। मेरे पास पहनने को ढंग के कपड़े तक नहीं हैं। मैं वहां करोड़ों रुपए लोगों को देती थी। लेकिन यहां मेरी हालत बहुत खराब है।
पति: तुम्हारे पास गहने तो हैं सोने वाले। सरबजीत कौर: हां, चेन है। सोने की टॉप्स हैं।
पति: तुम ननकाना साहिब गुरुद्वारे जाओ। वहां कह देना कि मुझसे गलती हो गई है और मैं अपने देश जाना चाहती हूं। सरबजीत कौर: मैं आ रही हूं। निकल रही हूं। जैसी भी हालत है, अपने हाथ-पैर ऐसे ही दिखाऊंगी। पति: तुम निकलो।
सरबजीत कौर: मैं निकल रही हूं, मैं गेट पर आ रही हूं। पति: साथ ही उनसे कहना कि मैं निकलने लगी हूं। उनसे कहना कि वे तुम्हें रोकें नहीं, जाने दें। जाकर उन्हें पूरी बात बता देना।
सरबजीत कौर: वे मुझे छोड़कर आएंगे। गेट के आगे जो मर्जी हो, मैं सिम को उसके मुंह पर मारूंगी। पति: कौन सी सिम?
सरबजीत कौर: सिम, यहां मेरी सिम की रेंज में नहीं है। पति: ठीक है।
सरबजीत कौर: आप उनसे बात करें और कहें कि मेरी पत्नी आज वापस आ रही है। उसे परेशान न करें। मेरा बयान लेकर उसे जाने दें। पति: वे पूछताछ तो करेंगे ही, क्योंकि यहां लोग शोर मचा रहे हैं कि तुमने पत्नी जासूसी करने लगाई है।
सरबजीत कौर: कोई बात नहीं। मैं जासूस नहीं हूं। उसकी मां, बहन और पत्नी ने मुझे थप्पड़ मारे। मुझ पर जासूसी का आरोप लगाया गया। मैं तो सिर्फ इसलिए गई थी कि मेरी नग्न फोटो डाली थीं, उन्हें डिलीट करवाने गई थी। पुलिस बोली- हमसे परिवार ने संपर्क नहीं किया
वहीं, कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी धीरेंद्र वर्मा ने कहा कि वायरल हो रही ऑडियो के बारे में उनको जानकारी नहीं है। परिवार के किसी भी सदस्य ने सरबजीत कौर के संबंध में लोकल पुलिस से संपर्क नहीं किया है। ये मामला एंबेसी लेवल का है। इंडियन एंबेसी ही इसे हैंडल कर रही है।
सिलसिलेवार पढ़िए क्या था पूरा मामला… सरबजीत पर कपूरथला में कई केस चल रहे
सरबजीत के गांव के लोगों का कहना था कि महिला के दो बेटे हैं। इनके खिलाफ भी सुल्तानपुर लोधी में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। गांव अमानीपुर के अंदर सरबजीत की आलीशान कोठी है। उसका लोगों से ज्यादा मिलना जुलना नहीं था। ————– ये खबर भी पढ़ें… पंजाबी महिला सरबजीत को लाहौर भेजा:पुलिस प्रोटेक्शन में शेल्टर होम में रहेगी पाकिस्तान में निकाह करने वाली पंजाबी महिला सरबजीत कौर की अभी भारत वापसी नहीं होगी। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने स्पेशल ट्रैवल परमिट पर रोक लगा दी है। इसके बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई सरबजीत कौर को पाकिस्तानी शेल्टर होम (दारुल अमान) में भेज दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
पंजाबी महिला बोली- अश्लील फोटो डिलीट कराने PAK आई:जिससे निकाह किया, उसकी मां-बहन, पत्नी ने थप्पड़ मारे; रोते हुई ऑडियो वायरल


