पुणे: समलैंगिक संबंध बनाने से किया इनकार, तो युवक ने की नाबालिग रिश्तेदार की हत्या

पुणे: समलैंगिक संबंध बनाने से किया इनकार, तो युवक ने की नाबालिग रिश्तेदार की हत्या

महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिरुर तालुका के दहिवडी-मांजरेवस्ती इलाके में 12 वर्षीय बच्चे की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार शाम सामने आए इस सनसनीखेज मामले में अब पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित का ही रिश्तेदार निकला।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, 12 साल का बच्चा स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं आया। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद घर के करीब एक गन्ने के खेत के पास उसका शव मिला।

शरीर पर चोट के निशान देखकर शुरुआत में जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई गई थी। हालांकि, घटनास्थल की स्थिति और स्थानीय लोगों के बयान के चलते पुलिस को संदेह हुआ और मामले की गंभीरता से जांच करने पर एक खौफनाक सच सामने आया।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद विचलित करने वाले थे। इस मामले में 22 वर्षीय अक्षय नामक युवक को हिरासत में लिया गया, जो मृतक नाबालिग का रिश्तेदार बताया जा रहा है। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपी अक्षय ने मासूम के साथ समलैंगिक संबंध बनाने की कोशिश की थी, लेकिन बच्चे द्वारा इसका कड़ा विरोध किए जाने पर आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी।

कत्ल के बाद भीड़ में हुआ शामिल

इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या जैसा जघन्य अपराध करने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। खुद को बचाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए अक्षय वारदात के बाद घटना स्थल पर जमा हुई भीड़ में ही शामिल हो गया था। वह परिजनों के साथ मिलकर दुख जताने का नाटक करता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो।

कुछ ही घंटों में पुलिस ने सुलझाया मामला

हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कुछ ही घंटों में इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में गहरी चिंता देखी जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *